
पेरू में भूकंप। (फाइल फोटो- पत्रिका)
Philippines Earthquake 6.5: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, मिंडानाओ द्वीप के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 6.5 दर्ज की गई।
राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, कुछ दिन पहले इसी इलाके में आए 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
USGS के मुताबिक, फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के पास यह भूकंप आया। शुरुआती रिपोर्ट में इसकी तीव्रता 6.7 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 6.5 कर दिया गया। USGS के अनुसार, भूकंप शाम 7:42 बजे (11:42 GMT) जोस अबाड सैंटोस शहर से करीब 35 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में समुद्र के अंदर आया। इसकी गहराई जमीन से करीब 52.4 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
फिलीपींस के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार भूकंप के झटके काफी तेज महसूस किए गए, लेकिन ये ज्यादा देर तक नहीं रहे। सांता मारिया शहर के बचाव अधिकारी जेरसन तलाहिग ने AFP को बताया कि झटके काफी तेज थे, लेकिन वे कम समय के लिए थे, हमने देखा कि मेज और कुछ लाइटें हिल रही थीं। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
इससे पहले 8 जून को मिंडानाओ द्वीप के तट के पास 7.8 तीव्रता का बेहद शक्तिशाली भूकंप आया था। इस हादसे में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जबकि 1,403 लोग घायल हुए थे। इस भूकंप से 75,300 से अधिक परिवार प्रभावित हुए थे। करीब 3.46 लाख लोगों पर इसका असर पड़ा था। इनमें से 45 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा था। इस भूकंप में 12,600 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए थे। भूकंप के बाद भूस्खलन समेत करीब 45 अन्य घटनाएं भी दर्ज की गई थीं।
फिलीपींस से पहले वेनेजुएला में भी दो बड़े भूकंप आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के नए आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या 235 हो गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भूकंप प्रभावित इलाकों में बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों को तेज करने के लिए तीन प्रमुख कदमों की घोषणा की है।
Updated on:
26 Jun 2026 08:13 pm
Published on:
26 Jun 2026 08:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
