
Joharah Mamdani Netanyahu Arrested: न्यूयॉर्क मेयर पद चुनाव के दौरान इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार करने के वादे को लेकर जोहरान ममदानी की खूब चर्चा हुई थी। अब मेयर बनने के बाद वह अपने चुनावी वादे से पीछे हटते हुए दिखाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि सिटी इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के वारंट के तहत इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ़्तार नहीं कर सकता। मेयर ने अपने आधिकारिक बयान कहा कि कानूनी समीक्षा में यह निष्कर्ष निकलने के बाद कि उनके प्रशासन के पास कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है, लेकिन उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से अपील की कि वह नेतन्याहू के न्यूयॉर्क आने पर उन्हें गिरफ्तार करे।
जोहरान ममदानी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि मेरे प्रशासन (न्यूयॉर्क सिटी प्रशासन) ने लागू कानून के तहत उपलब्ध हर रास्ते की समीक्षा की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अगर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू यहां आते हैं तो क्या न्यूयॉर्क शहर इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट को लागू किया जा सकता है कि नहीं। उन्होंने आगे कहा कि यह स्पष्ट है कि हमारे पास इस वारंट को लागू करने का स्वतंत्र कानूनी अधिकार नहीं है।
ममदानी ने कहा कि संघीय सरकार (ट्रंप प्रशासन) के पास ऐसा अधिकार है और उन्होंने वॉशिंगटन से इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में शामिल होने और उसके वारंट को लागू करने का आह्वान किया। गौरतलब बात यह है कि अमेरिका इस कोर्ट का सदस्य देश नहीं है।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि था उनका प्रशासन बेंजामिन नेतन्याहू को न्यूयॉर्क आने पर गिरफ्तार नहीं करेगा। अपने मेयर पद के चुनाव अभियान के दौरान, ममदानी ने बार-बार कहा था कि जब इजराइली नेता न्यूयॉर्क आएंगे तो वे नेतन्याहू की गिरफ्तारी का आदेश देंगे। उन्होंने हाल ही में 'द न्यूयॉर्क टाइम्स मैगजीन' को बताया था कि उनका प्रशासन वारंट को लागू करने के बारे में शहर के कानून विभाग के साथ सक्रिय बातचीत कर रहा था।
कानूनी निष्कर्ष के बावजूद ममदानी ने नेतन्याहू की आलोचना जारी रखी। उन्होंने कहा कि बेंजामिन नेतन्याहू एक युद्ध अपराधी हैं। फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ भयानक नरसंहार के सूत्रधार हैं। जोहरान ने अमेरिकी मीडिया से बातचीत में कहा था कि जैसा कि मैंने कहा है, मैं आईसीसी की इस बात से सहमत हूं कि बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके अपराधों के लिए उन पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
नेतन्याहू के कार्यालय ने आरोपों को खारिज कर दिया और ममदानी की आलोचना की। एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया कि आईसीसी एक कंगारू कोर्ट है, जिसका अमेरिकियों या इजरायलियों पर कोई अधिकार-क्षेत्र नहीं है।