
नेपाल में बिम्स्टेक सम्मेलन का अंतिम दिन, पीएम मोदी पशुपतिनाथ मंदिर में करेंगे मैत्री धर्मशाला का उद्घाटन
नेपाल में बिम्स्टेक (बे ऑफ बंगाल इनीशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक को-ऑपरेशन) सम्मेलन चल रहा है। आज इसका अंतिम दिन है। आज दस्य देशों के नेता एक-दूसरे से मुलाकात करेंगे। सम्मेलन के समापन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी पशुपतिनाथ मंदिर में बनी धर्मशाला का उद्घाटन करेंगे। नेपाल-भारत मैत्री के प्रतीक के रूप में बनी इस धर्मशाला में करीब 400 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है।
बता दें कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पहली नेपाल यात्रा के दौरान इसके निर्माण में मदद की घोषणा की थी। भारत ने इस धर्मशाला के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपए की सहायता दी है। इससे पहले पीएम मोदी 12 मई को पशुपतिनाथ मंदिर आए थे। उस समय कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान हो रहा था। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इस सम्मेलन में शामिल हुए थे और कई नेताओं से मुलाकात की थी। वे एनआरसी विवाद के बीच बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना से भी मिले।
इन मुद्दों पर हुई बात
सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच आतंकवाद सहित सुरक्षा के विविध आयाम, मादक पदार्थो की तस्करी, साइबर अपराध, प्राकृतिक आपदा के अलावा कारोबार और संपर्क से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ-साथ आपसी सहयोग मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना के साथ मुलाकात की थी। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच हुई इस बैठक में भारत-श्रीलंका संबंधों के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत बात हुई। इस दौरान पीएम ने श्रीलंका को उसकी इच्छा के अनुसार मदद देने का आश्वासन दिया।
बिम्सटेक क्या है?
बिम्सटेक में सात देश-बांग्लादेश, भारत, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाइलैंड शामिल हैं। इन देशों की कुल आबादी 1.5 अरब है। विश्व के लिहाज से देखें तो यह 21 प्रतिशत बनती है। इस समूह में शामिल देशों की कुल जीडीपी 2500 अरब डॉलर है। यह सम्मेलन दो साल बाद हो रहा है। इससे पहले भारत के गोवा में यह सम्मेलन कराया गया था।
Published on:
31 Aug 2018 02:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
