scriptजिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में घोटाला : अब तक राशि नहीं लौटा सके, नाराज किसानों ने शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों को बैंक में किया बंद | Scam in District Cooperative Central Bank Nipani | Patrika News
बालोद

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में घोटाला : अब तक राशि नहीं लौटा सके, नाराज किसानों ने शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों को बैंक में किया बंद

बालोद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की निपानी शाखा में गबन को एक साल दो माह बीत चुके हैं, लेकिन बैंक अभी तक किसानों की पूरी राशि वापस नहीं कर पाया है। बैंक की मानें तो 82 खातों की जांच चल रही है। इधर नाराज किसानों ने कर्मचारियों व शाखा प्रबंधक को बैंक के अंदर ही बंद कर सामने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि और कितना समय लगेगा।

बालोदMar 03, 2023 / 10:58 pm

Chandra Kishor Deshmukh

बैंक के सामने किसानों ने दिया धरना

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में घोटाला : अब तक राशि नहीं लौटा सके, नाराज किसानों ने शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों को बैंक में किया बंद

बालोद. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की निपानी शाखा में गबन को एक साल दो माह बीत चुके हैं, लेकिन बैंक अभी तक किसानों की पूरी राशि वापस नहीं कर पाया है। बैंक की मानें तो 82 खातों की जांच चल रही है। इधर नाराज किसानों ने कर्मचारियों व शाखा प्रबंधक को बैंक के अंदर ही बंद कर सामने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि और कितना समय लगेगा। इस बार अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था। अधिकारियों का पुराना रटा जवाब है अभी जांच चल रही है। जांच पूरी होने पर राशि खाते में डाली जाएगी। किसानों ने कहा कि बेटी की शादी करनी है। शादी के लिए रुपए की व्यवस्था नहीं हो पाई है, इसलिए अभी तिथि तय नहीं कर पाए है।
नोडल अधिकारी से किसान बोले-होली के पहले दें पूरी राशि
बैंक का शटर बंद करने की जानकारी मिलने के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल नोडल अधिकारी कुसुम ठाकुर पहुंची और किसानों से कहा कि हम व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक भी चाह रहे हैं कि जल्द सभी किसानों की राशि मिल जाए। अभी खातों की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद राशि डाली जाएगी।
कई किसानों के आधी राशि वापस आई
किसानों ने बताया कि बैंक का कहना है कि किसानों की राशि वापस कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि पूरी राशि वापस नहीं की जा रही है। पूर्व में किसानों के खाते में आधी राशि डाली गई है। किसान भी पूरी राशि डालने की मांग कर रहे हैं।
बेटी की शादी करनी है, राशि लौटा दो
किसान रिझूराम गुरुवार को बैंक पहुंचे। बैंक के सामने अन्य पीडि़त किसानों के साथ बैठ गए। उनके साथ उनकी बेटी भी थी। जब बैंक के सामने बैंक प्रबंधक आए तो कहा कि उनके खाते से गबन हुई एक लाख 10 हजार रुपए की राशि वापस करा दें। बेटी की शादी है और रुपए की जरूरत पड़ गई है। उनकी बेटी ने भी कहा कि प्लीज सर राशि जल्दी वापस करा दो हम परेशान है। अधिकारियों के पास ठोस जवाब नहीं था।
कर्ज लेकर की थी बेटी की शादी, अब कर्ज लौटाना है
ग्राम पीपरछेड़ी की देवंतिन ने कहा कि बीते साल खाते से गबन बैंक के कर्मचारियों ने किया था। अपनी बेटी की शादी कर्ज लेकर की। अधिकारियों के आश्वासन के भरोसे कर्ज लिया था। अधिकारियों ने खाते में राशि डालने शादी का कार्ड भी मांगा था, लेकिन गांव से जाने के बाद अधिकारी भूल गए। नतीजा है कि कर्ज नहीं चुका पाए हैं। बैंक इस महिला को 70 हजार रुपए देगा।
541 खाते में लौटाए अब तक 5 करोड़
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुताबिक बैंक शाखा से करोड़ों का गबन हुआ है। अब तक 541 किसानों के खाते में 5 करोड़ 74 लाख की राशि वापस की गई। अभी भी 82 खातों की जांच चल रही है।
सीईओ के पास फोन उठाने की फुर्सत नहीं
किसानों के खाते से गबन राशि की वापसी के बारे में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ अपेक्षा व्यास से मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
राशि वापस होने तक जारी रहेगी तालाबंदी
बालोद भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष तोमन साहू ने कहा कि निपानी बैंक घोटाला को लगभग एक साल हो चुका है। आज तक किसानों को पैसा वापस नहीं मिला। किसान खुद अपने पैसे के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जिन किसानों को रकम लौटाई है, वह भी अधूरी है। यह भूपेश सरकार के संवेदनहीनता को दर्शाती है। जब तक किसानी की राशि उन्हें प्राप्त नहीं होगी, बैंक में तालाबंदी जारी रहेगी।

Home / Balod / जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में घोटाला : अब तक राशि नहीं लौटा सके, नाराज किसानों ने शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों को बैंक में किया बंद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो