scriptजेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर का बंगला सहित तीन करोड़ की संपत्ति हुई सीज, बढ़ी मुश्किले अवैध संपत्ति पर चल सकता बुलडोजर | Property worth three crores seized including bungalow of former MP Riz | Patrika News
बलरामपुर

जेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर का बंगला सहित तीन करोड़ की संपत्ति हुई सीज, बढ़ी मुश्किले अवैध संपत्ति पर चल सकता बुलडोजर

बलरामपुर पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या के मामले में बेटी व दामाद के साथ जेल में बंद पूर्व सांसद सपा नेता रिजवान जहीर के मुश्किले लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को जनपद के नगर तुलसीपुर से सटे ग्राम शीतलापुर में पूर्व सांसद के बंगला व बगल में पड़े खाली जमीन को स्थानीय प्रशासन ने ढोल नगाड़े के साथ मुनादी कराते हुए सीज कर दिया है। सीज की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत तकरीबन तीन करोड़ रुपए है।

बलरामपुरMay 12, 2022 / 09:33 pm

Mahendra Tiwari

img-20220512-wa0019.jpg
गुरुवार को उपजिलाधिकारी के अगुआई में राजस्व व पुलिस टीम द्वारा आवास व भूमि की नपायी कराई गई। पूर्व सांसद के परिजनों के साथ पूरे परिसर की विडियों ग्राफी कराते हुए कमरें व मुख्य गेट को सीज किया गया । इससे पूर्व क्षेत्र में ढोल नगाड़े के मुनादी कराई गई। मौके पर गैसड़ी,तुलसीपुर, जरवा, महराजगंज तराई,हरैया थाने की पुलिस व पीएसी लगी रही। पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14-(1)के तहत पूर्व सांसद रिजवान जहीर की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। पूर्व सांसद का नाम प्रदेश के गैंगस्टर आरोपितों की टाप टेन की सूची में है। बताया कि यहीं के महमूद ने पूर्व सांसद पर जमीन कब्जे की शिकायत भी की है। पहले चरण में आज उनकी पत्नी सैयदा हुमा फातिमा के नाम से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति कुर्क करने की गई है। जब्त की गई सम्पत्ति की कीमत तीन करोड़ रुपये है। बताते चलें कि पूर्व सांसद रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान वर्तमान में समाजवादी पार्टी में शामिल हैं। बेटी जेबा रिजवान को विधानसभा में पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया तो तुलसीपुर विधानसभा से निर्दल चुनाव मैदान में उतार दिया और चुनाव हार गई। तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या के आरोप में वह करीब चार माह से जेल में हैं। पूर्व सांसद के साथ बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत जेल में बंद हैं। रिजवान जहीर के बंगले पर कार्रवाई के समय परिसर व आसपास भारी संख्या में पुलिस बल लगाए गए।

डीएम के आदेश पर हुई कार्यवाई

पूर्व सांसद रिजवान जहीर के आवास पर पुलिस और राजस्व टीम के पहुंचने के साथ ही तुलसीपुर नगर में डुग्गी मुनादी शुरू करा दी गई। इसमें लोगों को जिलाधिकारी श्रुति के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई करने की सूचना दी गई। साथ ही यह भी संदेश दिया गया कि अगर कोई अराजकता फैलाता मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो