scriptअब कांग्रेस को याद आया किसान | Now the Congress remembered the farmer | Patrika News
बैंगलोर

अब कांग्रेस को याद आया किसान

मोदी ने अपने तीसरे दिन के अभियान के दौरान तूमकुरु, गदग, शिवमोग्गा और मेंगलूरु में चार जनसभाएं की और कांग्रेस को कई मुद्दों पर घेरा।

बैंगलोरMay 06, 2018 / 06:19 am

शंकर शर्मा

 PM MODI

बेंगलूरु. कड़े चुनावी संघर्ष के आखिरी दौर में भाजपा को बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे दिन के अभियान के दौरान तूमकुरु, गदग, शिवमोग्गा और मेंगलूरु में चार जनसभाएं की और कांग्रेस को कई मुद्दों पर घेरा। तूमकुरु में जहां कांग्रेस को गरीब और किसान विरोधी बताया वहीं गदग में महादयी पर दोहरा मानदंड अपनाने का आरोप लगाया।


तूमकुरु की जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर चुनाव में गरीब-गरीब का माला जपते हुए खेल खेलती है। इस दौरान एक ही सांस में 11 बार गरीब… गरीब… गरीब.. कहते रहे। मोदी ने इसके बाद और तीखे शब्दों का प्रहार करते हुए कहा कि जब से गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बना है तब से कांग्रेस ने गरीबी का मुद्दा उठाना बंद कर दिया है। कांग्रेस ने 50 साल तक राज किया लेकिन किसानों के लिए कुछ नहीं किया। अगर किसानों के लिए कुछ किया होता तो किसान मिट्टी से सोना पैदा करके दे देता। किसानों की वर्तमान मुश्किलें कांग्रेस की पुरानी नीतियों का परिणाम है।


कांग्रेस-जद (ध) में नूरा-कुश्ती
उडुपी के चुनावी रैली में पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की प्रशंसा करने वाले मोदी तूमकुरु में जनता दल (ध) पर भी हमलावार रहे। दरअसल, तूमकुरु जद (ध) का गढ़ है और वहां की 11 में से 6 सीटों पर उसका कब्जा है जबकि 4 सीटें कांग्रेस और सिर्फ एक भाजपा के पास है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और जनता दल (ध) के बीच पर्दे के पीछे सांठ-गांठ है। दोनों पार्टियों ने मिलकर बेंगलूरु में अपना महापौर चुना और राज्य में दूसरी जगह एक-दूसरे के खिलाफ बोलते हैं। वे इसे क्यों छिपाते हैं। जद (ध) कांग्रेस का समर्थन कर रही है। जद (ध) इस चुनाव में नंबर तीन पर भी नहीं आ रही है। ऐसे में उसे वोट देकर अपना कीमती मत खराब न करें।


‘पीपीपी कांग्रेस’ बन जाएगी
वहीं, गदग में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पहली बार राज्य के ज्वलंत महादयी मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी और मसले को मिलजुल कर सुलझाने की बात कही। उन्होंने सत्तारुढ़ कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर राज्य की जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2007 के विधानसभा चुनाव के दौरान गोवा के मडगांव में कहा था कि उनकी पार्टी महादयी का एक बूंद पानी कर्नाटक को नहीं देने देगी। लेकिन, गोवा हारने के बाद अब वह कर्नाटक में किसानों को इस मुद्दे पर भडक़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महादयी मुद्दे पर कांग्रेस हमेशा दोहरा मानदंड अपनाते रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 5 मई के बाद कांग्रेस पार्टी ‘पीपीपी’ कांग्रेस (पंजाब, पुद्दुचेरी, परिवार कांग्रेस) रह जाएगी।


कांग्रेस और करप्शन के ‘सी’ में अंतर नहीं
शिवमोग्गा में पीएम मोदी ने भ्रष्टचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘सी’ और करप्शन के ‘सी’ में कोई अंतर नहीं रह गया है। नोटबंदी के बाद भ्रष्टचारियों के घर से कैसे नोटो के बंडल निकले थे यह सब जानते हैं। कांग्रेस ना हिसाब देना जानती है और ना ही जवाब देना जानती है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो