scriptउत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां | Uttar Pradesh Top News 19 February 2020 | Patrika News
बाराबंकी

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

आज के अखबारों में छपी 10 बड़ी खबरें, यहां पढ़ें कहां क्या हुआ…

बाराबंकीFeb 19, 2020 / 11:53 am

नितिन श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

लखनऊ. बुधवार, 19 फरवरी 2020 को राजधानी लखनऊ से प्रकाशित विभिन्न समाचार-पत्रों में यह अहम सुर्खियां छाई हुई हैं।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्रट्रस्ट की पहली बैठक आज

अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए बनाए गए ‘राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र’ ट्रस्ट की पहली बैठक बुधवार को दिल्ली में होगी। पहली बैठक होने के कारण यह औपचारिक होगी, जिसमें आपस में परिचय होगा और आगे के लिए एजेंडा तैयार किया जाएगा।
महिला, युवा व किसानों पर करम

युवाओं और महिलाओं की फिक्र, अयोध्या-काशी को तवज्जो और गांव-खेत पर फोकस। योगी सरकार ने अपने चौथे बजट में यूपी की तरक्की के लिए खजाना खोल दिया है। 5.12 लाख करोड़ की धनराशि का अब तक का यह सबसे बड़ा बजट है। विधानसभा में मंगलवार को वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने इसे पेश किया।
ऊर्जावान युवाओं और समग्र विकास पर केंद्रित है यह बजट: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बजट यूपी के विकास को नई दिशा देगा। यह बजट 23 करोड़ जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। यूपी की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2024 तक सबसे आगे लेकर जाएंगे। यह बजट प्रदेश के ऊर्जावान युवाओं को रोजगार और समग्र विकास पर केंद्रित है।
चौथे बजट में भी जनता को धोखा ही मिला: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने चौथे बजट में भी जनता को धोखा ही दिया। रोजगार देने के लिए सरकार के पास कोई रोडमैप नहीं है। अकेले शिक्षा विभाग में दो लाख से ज्यादा पद खाली हैं लेकिन उन्हें भरा नहीं जा सका।
उत्तर प्रदेश की जनता के साथ छलावा है बजट: मायावती

बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी सरकार के बजट को छलावा बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि विधानसभा में पेश बजट जनता की आशाओं व आकांक्षाओं के साथ धोखा है।
माया-अखिलेश ने बिना बजट पढ़े प्रतिक्रिया दी: सुरेश खन्ना

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व मायावती ने बजट को बिना जाने-समझे ही अपनी निराधार प्रतिक्रिया दे दी है। उन्हें पहले बजट को पढ़ना चाहिए था।
विकास की जमीन तैयार की गई: स्वतंत्र देव

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि बजट में जहां प्रदेश के सम्पूर्ण विकास की जमीन तैयार की गई है, वहीं युवाओं की आकांक्षाओं को उड़ान देने के लिए योजनाओं के पंख भी लगाए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को जनकल्याणकारी और शानदार बजट पेश करने के लिए बधाई दी है।
पांच ट्रिलियन इकोनॉमी में यूपी की बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सदन में बजट पेश होने के बाद तिलक हॉल में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी में यूपी की अहम भूमिका तय करने वाला है। यह बजट सभी वर्गों के उत्थान को ध्यान में रखते हुए लाया गया है।
पहले दिन 2.39 लाख छात्रों ने छोड़ी बोर्ड परीक्षा

यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सवा दो लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। इनमें हाईस्कूल के 1,57,042 और इंटर के 82,091 परीक्षार्थी शामिल हैं। सचिव यूपी बोर्ड नीना श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रों से मिली सूचना के अनुसार 2,39,133 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। विभिन्न जिलों में 34 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए।
ओडीएफ डबल प्लस का प्रमाण पत्र दोबारा मिला

लखनऊ को एक बार फिर ओडीएफ डबल प्लस का प्रमाण पत्र मिल गया है। यह प्रमाण पत्र केन्द्र सरकार की अधिकृत एजेंसी क्यूसीआई ने दिया है। इससे लखनऊ नगर निगम को 6000 अंकों में 500 अंक पक्के हो गए हैं। अब 800 अंक के लिए फाइव स्टार रैंकिंग की संभावना बढ़ गई है। नगर निगम ने इसका दावा भी किया है।

Home / Barabanki / उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो