विधायक की बेटी साक्षी ने दलित युवक अजितेश से प्रयागराज के एक मंदिर में चार जुलाई को प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद साक्षी ने दो वीडियो वायरल किए जिसमे उसने अपने पिता, भाई और पिता के दोस्त से अपनी जान को खतरा बताया था। वीडियो वायरल होने के बाद ये मामला तूल पकड़ गया और विधायक ने भी इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी लड़की बालिग़ है और उसे अपने निर्णय लेने का अधिकार है और उनके और परिवार की तरफ से किसी को भी जान का खतरा नहीं है। सुरक्षा के लिए साक्षी ने हाईकोर्ट की भी शरण ली थी जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सोमवार को आदेश जारी किया है और सरकार को दोनों को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं।