scriptजितिन प्रसाद का यूपी से इस्तीफा, केंद्र में संभालेंगे वाणिज्य, उद्योग एंव इलेक्ट्रॉनिक्स व इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय का कार्यभार | Patrika News
बरेली

जितिन प्रसाद का यूपी से इस्तीफा, केंद्र में संभालेंगे वाणिज्य, उद्योग एंव इलेक्ट्रॉनिक्स व इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय का कार्यभार

पीलीभीत से सांसद जितिन प्रसाद को केंद्र में वाणिज्य एवं उद्योग के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया है। केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद जितिन प्रसाद ने यूपी सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री पद व विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

बरेलीJun 11, 2024 / 05:26 pm

Avanish Pandey

राज्यमंत्री बीएल वर्मा व जितिन प्रसाद (फाइल फोटो)

बरेली। पीलीभीत से सांसद जितिन प्रसाद को केंद्र में वाणिज्य एवं उद्योग के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया है। केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद जितिन प्रसाद ने यूपी सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री पद व विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बदायूं से राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा को भी केंद्र सरकार में दूसरी बार मंत्री बनाया गया है। उन्हें मोदी सरकार में उपभोक्ता मामले और खाद्य एवं वितरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
जितिन प्रसाद ने कांग्रेस की विरासत को बढ़ाया था आगे
29 नवंबर 1973 को जन्में जितिन प्रसाद का राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ। उनके पिता और दादा दोनों ही कांग्रेस के कद्दावर नेता थे। जितिन प्रसाद के पिता जितेंद्र प्रसाद राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा राव के सलाहकार के साथ- साथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रहे। जितिन प्रसाद के दादा ज्योति प्रसाद भी कांग्रेस नेता थे और उनकी परनानी पूर्णिमा देवी रबिंद्रनाथ टैगोर के भाई हेमेंद्रनाथ टैगोर की बेटी थीं। जितिन प्रसाद के पिता को कांग्रेस का थिंक टैंक कहा जाता था।
2004 में पहली बार बने थे सांसद
जितिन प्रसाद ने दून स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीकॉम ऑनर्स किया और फिर दिल्ली से एमबीए किया। जितिन प्रसाद 2001 में सक्रिय राजनीति में आए और उन्होंने 2004 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार शाहजहांपुर से चुनाव लड़ें और जीते। 2008 में जितिन प्रसाद केंद्रीय इस्पात मंत्री बने।
यूपीए के दोनों कार्यकाल में मंत्री बने जितिन प्रसाद
साल 2009 के लोकसभा चुनाव में जितिन प्रसाद लखीमपुर की धौरहरा सीट से सांसद चुने गए। जितिन प्रसाद यूपीए सरकार के दोनों कार्यकाल में मंत्री रहे। इसके बाद 2014 का लोकसभा चुनाव जितिन प्रसाद हार गए और फिर 2017 का विधानसभा चुनाव भी हार गए। इसके बाद 2019 लोकसभा चुनाव भी वो हार गए। एक के बाद एक हार से कांग्रेस में जितिन प्रसाद का महत्व कम हो गया। इसके बाद साल 2021 में जितिन प्रसाद भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा की केंद्र सरकार में पहली बार बने मंत्री
2022 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने जितिन प्रसाद को उत्तर प्रदेश विधान परिषद भेज दिया। 2022 विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी तो कांग्रेस से आए जितिन प्रसाद को योगी सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्रालय दिया गया। इसके बाद 2024 लोकसभा चुनाव में पीलीभीत से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद वरुण गांधी की टिकट काटकर जितिन प्रसाद को दिया। जितिन प्रसाद चुनावी मैदान में उतरे और भारी मतों से सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार को डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से हराकर जीत दर्ज की।
गृहमंत्री अमित शाह के साथ थे राज्यमंत्री
भाजपा के सबसे बड़े रणनीतिकार अमित शाह के सहकारिता मंत्रालय में बीएल वर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया था। वह उनकी उम्मीदों पर भी खरे उतरे। पूर्वोत्तर के राज्यों में खासकर विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर उनकी निगरानी में भी बीएल वर्मा का अहम रोल रहा।
जानिए बीएल वर्मा के बारे में
जन्म 07 अगस्त-1961, जन्मस्थान- ज्योरा पारवाला, उझानी।
भारतीय जीवन निगम से बतौर व्यवसायिक अभिकर्ता शुरूआत।
1980 में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बने।
1984 में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री, फिर प्रदेश मंत्री।
1987 में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह को राजनीतिक गुरु बनाया।
1989 में भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, बाद में प्रदेश स्तर पर चमके।
1999 में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के साथ भाजपा से दूर हो गए।
2009 में कल्याण सिंह की राष्ट्रीय क्रांति पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार मिला।
2013 में कल्याण सिंह के साथ भाजपा में घर वापसी हुई।
2016 में भाजपा के बृज क्षेत्र के अध्यक्ष फिर प्रदेश उपाध्यक्ष बने।
2018 में यूपी सिडको के अध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) का पदभार मिला। भाजपा के अब तक तीन बार स्टार प्रचारक भी बने।
2020 में भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में भेजा।
नरेंद्र मोदी- 02 सरकार में 08 जुलाई-21 को सहकारिता एवं पूर्वोत्तर विकास विभाग में राज्यमंत्री बने।

Hindi News/ Bareilly / जितिन प्रसाद का यूपी से इस्तीफा, केंद्र में संभालेंगे वाणिज्य, उद्योग एंव इलेक्ट्रॉनिक्स व इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय का कार्यभार

ट्रेंडिंग वीडियो