बरेली

10 शादियां करने वाले व्यक्ति की हत्या, पत्नियों की भाषा नहीं समझ पा रही पुलिस

Highlights
– बरेली के मांडा गांव की घटना
– घर से लापता व्यक्ति का शव खेत में मिला
– पुलिस अवैध संबंध और संपत्ति विवाद से जोड़ते केस की जांच में जुटी

बरेलीJan 21, 2021 / 12:34 pm

lokesh verma

बरेली. घर से अचानक लापता हुए एक व्यक्ति का शव उसी के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, उसके गले में मफलर से फंदा कसा हुआ था। इसलिए पुलिस गला दबाकर हत्या की आशंका व्यक्त कर रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक जागनलाल ने दस शादियां की थीं। उसकी पांच पत्नियों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन उसे छोड़कर चली गई थीं। वह दो पत्नियों के साथ रहता था, जो मूलरूप से पश्चिम बंगाल की निवासी हैं।एसएसपी बरेली रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि पुलिस टीम हत्या का मामला मानते हुए अवैध संबंध और संपत्ति विवाद के पहलू पर जांच कर रही है। जल्द ही केस का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सरधना में दो समुदायों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और पथराव, आठ घायल

दरअसल, मांडा गांव के रहने वाले जागनलाल मंगलवार खाना खाने के बाद घूमने के लिए घर से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक भी वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके अगले दिन बुधवार को जागनलाल का शव उनके ही खेत में मिला। गले में मफलर का फंदा लगा था, जो पेड़ से बंधा था। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से भी कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस ने जागनलाल के भतीजे दर्शन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में प्रथम दृष्ट्या मामला हत्या का लग रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज त्यागी का कहना है कि फिलहाल पुलिस अवैध संबंध और संपत्ति विवाद से जाेड़कर मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस नहीं समझ पा रही पत्नियाें की भाषा

बताया जा रहा है कि जागनलाल की दो पत्नियां घर पर ही मौजूद हैं, जो बंगाली भाषा में बात करती हैं, लेकिन पुलिस उनकी बात नहीं समझ पा रही है। अब पुलिस बंगाली भाषा के जानकार को बुलाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, जागनलाल का एक बड़ा भाई भी है। 1999 में पिता ने सारी संपत्ति बड़े भाई के नाम कर दी थी। इसको लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद भी हुआ था। इसके बाद पिता ने करीब 14 बीघे जमीन जागनलाल के नाम कर दी थी। वहीं, जागनलाल की सेवा 24 वर्षीय लड़का कर रहा था। जागनलाल अपनी जमीन उसी के नाम करना चाहता था। इसलिए पुलिस संपत्ति विवाद के पहलू से भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद के बाद आज इस कुख्यात डॉन की कोठी होगी जमींदोज

Hindi News / Bareilly / 10 शादियां करने वाले व्यक्ति की हत्या, पत्नियों की भाषा नहीं समझ पा रही पुलिस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.