एसडीओपी एमएस बारिया ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात को मृतक थान सिंह पिता बुधा निवासी कढ़ाई पानी फलिया मोहाला का शव उसके घर पर ही मिला था। धारदार हथियार से युवक की निर्मम हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण थाने के अधिकारियों ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बारिया ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर जांच शुरू की गई थी।
हत्या के मामले में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई थी। मृतक की पत्नी भूरी बाई पर संदेह होने और उसके बयानों में स्थिरता नहीं होने से मनोवैज्ञानिक तरीके से मृतक की पत्नी से पूछताछ की गई। इस पर पत्नी भूरी बाई ने बताया कि पति शराब के नशे में हमेशा मारपीट करता था। शादी के 6 साल हो चुके है। एक लड़का और एक लड़की है। 18 अक्टूबर की रात को ही शराब पीकर पति थान सिंह खाना बनाने की बात पर झगड़ा कर मारपीट कर रहा था। इसके बाद गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी से पति की हत्या कर दी और दोनों बच्चों को लेटर रात नहीं अपने मायके कोलकी भाग गई। पूरे मामले में पुलिस ने कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जुटा लिए है। पुलिस ने भूरी बाई को गिरफ्तार कर लिया।