scriptपहली बार मौजूदा सांसद को दोबारा मौका, जानिए पटेल को कैसे मिली टिकट | Gajendra Singh Patel from BJP on Khargone Barwani parliamentary seat | Patrika News
बड़वानी

पहली बार मौजूदा सांसद को दोबारा मौका, जानिए पटेल को कैसे मिली टिकट

Gajendra Singh Patel from BJP on Khargone Barwani parliamentary seat कांग्रेस की पैनल में कई नाम है और उनके प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार बरकरार है

बड़वानीMar 03, 2024 / 01:39 pm

deepak deewan

patel.png

टिकट की घोषणा होते ही पटेल खरगोन के गणेश मंदिर में पूजा करने चले गए

खरगोन-बड़वानी संसदीय सीट पर भाजपा ने पहली बार मौजूदा सांसद को दोबारा मौका दिया है। लोकसभा सीट पर पार्टी ने सांसद गजेंद्रसिंह पटेल को टिकट की घोषणा की है। इसपर उनकी धर्मपत्नी बसंती पटेल व उनकी भाभी ने खुशी जाहिर की वहीं टिकट की घोषणा होते ही पटेल खरगोन के गणेश मंदिर में पूजा करने चले गए। यहां कांग्रेस की पैनल में कई नाम है और उनके प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार बरकरार है।

 

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने शनिवार शाम को अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। इसमें खरगोन-बड़वानी लोकसभा सीट गठन के बाद पहली बार वर्तमान सांसद को भाजपा ने दोबारा मौका दिया है। विधानसभा चुनाव की तर्ज पर अब लोकसभा चुनावों में भी भाजपा ने आचार संहिता के पूर्व ही प्रत्याशी घोषित कर दिए है। गजेंद्रसिंह पटेल का टिकट तय होते ही कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। कोर्ट चौराहे व रणजीत चौक में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर हर्ष जताया।

उधर लोकसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस की ओर से पैनल में कई नाम हाईकमान को भेजे गए हैं। हालांकि नाम घोषणा का इंतजार बना हुआ है। वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बाद बड़वानी जिला धार से अलग होकर खरगोन लोकसभा में शामिल हुआ था। अब तक तीन बार हुए चुनावों में भाजपा हैट्रिक लगा चुकी है। इन तीनों चुनाव में पार्टी ने हर बार नए चेहरे को मौका दिया है। इस बार वर्तमान सांसद दोबारा मौका दिया है।

वैसे कई नाम चर्चा में बने हुए थे पर पार्टी ने वर्तमान सांसद पर ही भरोसा जताकर फिर सबको चौंका दिया। टिकट मिलने पर पटेल के परिवार के साथ ही समाजजनों ने हर्ष जताया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई।

इन कारणों से मिली टिकट
सांसद गजेंद्र पटेल को दोबारा मौका देने के कई कारण हैं। वे वर्तमान सांसद होने के नाते न केवल आमजन से मिलते रहे बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से भी उनके अच्छे ताल्लुकात रहे। इसके अलावा एसटी फैक्टर भी उनके पक्ष में रहा। इन सबसे ज्यादा क्षेत्र में लगातार सक्रियता उनके काम आई।

कांग्रेस में कई दावेदार:
इधर कांग्रेस से लोकसभा के लिए कई दावेदार है। इसमें सेंधवा के पोरलाल खरते, पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, बड़वानी विधायक राजन मंडलोई, पूर्व नपाध्यक्ष लक्ष्मण चौहान शामिल हैं। हालांकि जिलाध्यक्ष रहे वीरेंद्र राठौर के भाजपा में जाने से अब तक कुछ तय नहीं हो सका है।

यात्रा के बाद की जाएगी टिकट पर चर्चा
खरगोन के कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाइक के अनुसार सांसद ने पिछले पांच साल में कुछ नहीं किया। सांसद के कार्यकाल में भाजपा में गुटबाजी बढ़ी है। वे क्षेत्र में ओलावृष्टि और बारिश से खराब फसलों का मुआवजा दिलाए। नाइक बताते हैं कि फिलहाल कांग्रेस में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां जारी है। इसके बाद टिकट पर चर्चा की जाएगी।

पिछली बार 2 लाख वोट से जीते थे
गजेंद्रसिंह पटेल ने 2019 के चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे डॉ. गोविंद मुजाल्दा को 2 लाख 510 वोट से शिकस्त दी थी। लोकसभा में बड़वानी व खरगोन से चार-चार विधानसभा आती है। हालांकि गत विधानसभा में दोनों जिलों की इन आठ में से कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने तीन पर जीत दर्ज की है।

भाजपा उम्मीदवार गजेंद्रसिंह पटेल, सांसद
2019: विजयी : गजेंद्रसिंह पटेल
पराजित : डॉ. गोविंदसिंह मुजाल्दा
● संसदीय क्षेत्र 27 अंतर्गत विधानसभा
●बड़वानी, राजपुर, सेंधवा, पानसेमल, खरगोन, महेश्वर, कसरावद, भगवानपुरा
● भाजपा : पानसेमल, खरगोन, महेश्वर
● कांग्रेस : बड़वानी, सेंधवा, राजपुर, कसरावद, भगवानपुरा

टिकट क्यों-कैसे
वर्तमान सांसद, एसटी फैक्टर, क्षेत्र में लगातार सक्रियता

प्रोफाइल
उम्र : 49 वर्ष, 16 फरवरी 1975
शिक्षा : बीए, एलएलबी
राजनीति : 1990 से अभाविप से राजनीतिक शुरुआत।

यह भी पढ़ें—ठंड-ओला-पानी, चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ से 10 मार्च तक बिगड़ा रहेगा मौसम

https://youtu.be/j31dFQDO4aU

Home / Barwani / पहली बार मौजूदा सांसद को दोबारा मौका, जानिए पटेल को कैसे मिली टिकट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो