scriptभिलाई-चरोदा निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली 80 फीसदी घटी | Property tax collection reduced by 80 percent in Bhilai-Charoda Nigam | Patrika News
भिलाई

भिलाई-चरोदा निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली 80 फीसदी घटी

कर्मियों को पड़ सकते हैं वेतन के लाले,

भिलाईSep 16, 2022 / 08:17 pm

Abdul Salam

भिलाई-चरोदा  निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली 80 फीसदी घटी

भिलाई-चरोदा निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली 80 फीसदी घटी

भिलाई. नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा में हर माह प्रॉपर्टी टैक्स के तौर पर करीब 90 लाख वसूल कर लिया जाता है। यहां के नियमित व प्लेसमेंट समेत अन्य कर्मिर्यों का वेतन भी 1 करोड़ के आसपास ही है। सितंबर में यहां के राजस्व विभाग से जुड़े कर्मियों से निर्वाचन का काम करवाया जा रहा है। जिसकी वजह से इस माह उम्मीद है कि 20 लाख रुपए तक ही वसूली हो पाएगी। ऐसे में कर्मियों को मिलने वाला वेतन समय पर मिलेगा, इसको लेकर आशंका कर्मचारी जता रहे हैं।

पहले ही एक माह देर मिल रहा वेतन
भिलाई-चरोदा में पहले ही वेतन एक माह विलंब से दिया जा रहा है। अब कर्मियों से कभी जनगणना, राशन कार्ड तो कभी निर्वाचन से जुड़ा काम करवाया जा रहा है। ऐसे में वसूली का काम सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में जो लोग संपत्तिकर कार्यालय तक लाकर जमा कर रहे हैं, वह जमा हो रहा है। वहीं जिन संस्थाओं या घरों से कर्मचारी जाकर प्रॉपर्टी टैक्स वसूलते थे, वह काम प्रभावित हो रहा है।

यह काम कर रहे कर्मी
भिलाई-चरोदा निगम के राजस्व वसूली का काम करने वाले 30 कर्मचारी इन दिनों क्षेत्र के लोगों की मतदाता सूची से आधार लिंक करने का काम कर रहे हैं। इसके लिए पहले वे किसी एक मोहल्ले में जाते हैं। वहां लोगों से घर-घर जाकर उनका आधार नंबर मांगते हैं। आधार नंबर का लिस्ट बनाकर दफ्तर लौटते हैं। यहां मोबाइल में मतदाता सूची में उनका नाम तलाश करते हैं, फिर उसे आधार से जोड़ देते हैं। यह काम इस वजह से आसान नहीं है, क्योंकि कई लोग आधार नंबर देने से मना कर देते हैं।

14 साल से नहीं हुई नई भर्ती
नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा में 2008 के बाद से नियमित कर्मियों के लिए भर्ती नहीं हुई है। 14 साल के दौरान कर्मियों का रिटायर्ड होना जारी है। नए कर्मियों की भर्ती नहीं होने की वजह से जो कर्मी बच गए हैं, उन पर काम का बोझ बढ़ रहा है।

पालिका से बना निगम कर्मी घटे
भिलाई-चरोदा पहले नगर पालिका परिषद थी। तब यहां नियमित कर्मचारियों की संख्या 350 थी। इसके बाद इसे नगर पालिक निगम बना दिया गया। इससे काम बढ़ गया, लेकिन नियमित कर्मियों की संख्या घटकर अब 187 के आसपास रह गई है। सफाई कर्मचारी, पीएम आवास योजना जैसे तमाम काम प्लेसमेंट के माध्यम से चल रहा है।

आय के हैं यह रास्ते :-
– नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा ने पालिका बाजार तैयार किया है। इसकी नीलामी जल्द कर, इसे शुरू करना होगा। जिससे निगम को यहां से हर साल बड़ी रकम राजस्व के तौर पर मिलने लगेगी।
– निगम क्षेत्र में सैकड़ों लोग आवासों में दुकान बनाकर व्यापार चला रहे हैं। भिलाई निगम की तर्ज पर ऐसे व्यापारियों की लिस्ट तैयार कर, भूखंड का प्रयोजन क्या है और किस लिए उपयोग किया जा रहा है। यह देखा जा सकता है।
– नियमितीकरण शुरू किया जाता है, तो भी निगम का खजाना भर जाएगा।

राजस्व वसूली पर पड़ रहा असर

राम अवतार साहू, संयुक्त महामंत्री, सीजी, स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ ने बताया कि नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा के राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारियों से जनगणना, राशन कार्ड व दूसरे काम करवाए जाते हैं। ऐसे में राजस्व वसूली पर असर पड़ता है।
महापौर ने कहा था दो गुना हो जाएगी आय

चंद्रप्रकाश पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद, भारतीय जनता पार्टी ने बताया कि महापौर ने कहा था कि आय दो गुना हो जाएगी। यहां तो पहले से भी हालात बद्तर हो रहे हैं। राजस्व के कर्मियों को वोटर लिस्ट से आधार लिंक करने का काम थमा दिए हैं।
निगम के अधिकारियों से किया जाएगा चर्चा
कृष्णा चंद्राकर, सभापति, नगर पालिक निगम, भिलाई-चरोदा ने बताया कि राजस्व विभाग के कर्मियों को ही आधार से वोटर लिस्ट में जोडऩे के काम में क्यों लगाया गया है। इसको लेकर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा सोमवार को करता हूं।

Hindi News/ Bhilai / भिलाई-चरोदा निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली 80 फीसदी घटी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो