
Bभीलवाड़ा B.भीलवाड़ा की झूले लाल टीम 51 की ओर से देश-विदेश में वरुण अवतार भगवान झूलेलाल के 51 मंदिर स्थापित करने के महासंकल्प की कड़ी में महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। टीम के सेवाभावी प्रयासों से जयपुर के न्यू आतिश मार्केट स्थित भोमियो महाराज मंदिर परिसर में 34वें झूलेलाल मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा हुई। यह प्रतिष्ठा प्रेमप्रकाश मंडल के प्रमुख और संत सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई। सिंधु संस्कार सेवा समिति प्रमुख हरीश मानवानी ने बताया कि भीलवाड़ा की झूलेलाल टीम ने वैश्विक स्तर पर सिंधी समाज की सांस्कृतिक व धार्मिक चेतना को जागृत करने के लिए 51 मूर्तियां स्थापित करने का लक्ष्य तय किया। इसी श्रृंखला में जयपुर के न्यू आतिश मार्केट के सर्व समाज व्यापार मंडल के सहयोग से इस नवीन मंदिर की स्थापना हुई। समारोह के दौरान जयपुर व्यापार मंडल पदाधिकारियों और स्थानीय सिंधी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। परिसर आयो लाल, झूलेलाल और जय झूलेलाल के गगनभेदी जयकारों से गूंजा। संतों के आशीर्वचन के बाद महाआरती और पल्लव (प्रार्थना) का आयोजन हुआ। भीलवाड़ा से विशेष रूप से जयपुर पहुंचे झूलेलाल टीम के प्रमुख स्तंभ नरेश रामचंदानी, सुंदर दास मोरवानी, दिलीप रावानी, दीपक नैनाणी और हरीश मानवानी ने प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठानों में सहभागिता की।
Updated on:
18 Jul 2026 06:00 am
Published on:
18 Jul 2026 06:00 am
