
हरियाणा सीमा में स्थित पंप से भिवाड़ी में आता है डीजल-पेट्रोल, सरकार को हर साल करीब 290 करोड़ के राजस्व का नुकसान
धर्मेंद्र दीक्षित
भिवाड़ी। औद्योगिक क्षेत्र में 34 साल पहले समतल चौक पर एक पेट्रोल पंप खुला, इसके बाद चौपानकी में दूसरा पंप खुला, इसके बाद यहां कोई पंप नहीं खुला, जबकि भिवाड़ी से सटी हरियाणा की सीमा पर पांच किमी में ही इस दौरान दो दर्जन से अधिक पंप शुरू हुए। जबकि कुछ दूरी पर चलने पर करीब 60 पेट्रोल पंप स्थित हैं, जिनसे प्रतिदिन भिवाड़ी, तिजारा, किशनगढ़बास सहित आसपास के क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल को अवैध रूप से लाया जाता है। सबसे अधिक खपत भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में होती है। हरियाणा से प्रतिदिन 30 हजार लीटर पेट्रोल भिवाड़ी के विभिन्न क्षेत्रों में आता है जिससे राज्य सरकार को प्रतिदिन करीब नौ लाख और साल में 33 करोड़ का नुकसान होता है। हरियाणा स्थित 60 पेट्रोल पंप से प्रतिदिन औसतन तीन लाख लीटर डीजल आता है, जिससे राज्य सरकार को प्रतिदिन करीब 70 लाख रुपए के टैक्स का, महीने में 21 करोड़ और साल में करीब 255 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होता है।
----
थोड़ी दूरी पर ही दर्जनों पंप
भिवाड़ी के सबसे नजदीक हरियाणा सीमा में अलवर बाईपास चार पंप। पांच पंप द्वारिकाधीश रोड पर हैं। 5 पंप तावडू रोड पर हैं। 3 पंप आकेड़ा रोड पर हैं। 1 पंप रंगाला रोड पर है। 4 पंप खुशखेड़ा के आसपास के क्षेत्र में हैं। एक से दो किमी की दूरी पर स्थित इन 21 पंप से हर रोज भिवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया, स्टोन क्रेशर और खेती के लिए करीब तीन लाख लीटर डीजल आता है और 30 हजार लीटर पेट्रोल आता है। इसके साथ ही 10 किमी की सर्किल में स्थित 40 पंप से प्रतिदिन एक लाख लीटर डीजल डीजल आता है। पेट्रोल पंप संचालकों के पास एक हजार से पांच हजार लीटर की क्षमता के छोटे-छोटे टैंकर हैं, इनके द्वारा डीजल की आपूर्ति इंडस्ट्री में की जाती है।
----
राजस्थान से नहीं लेते डीजल
माल परिवहन करने वाले अधिकांश भारी वाहन राजस्थान से डीजल नहीं भराते। इसमें भी मुख्य रूप से जो वाहन हरियाणा, दिल्ली, यूपी और एमपी से राजस्थान में आवागमन करते हैं, वे यहां डीजल नहीं लेते। राज्य में प्रवेश करने से पहले ही टैंक भरा लेते हैं। गाडिय़ों में बड़े-बड़े टैंक के साथ दो-दो टैंक लगवा लते हैं। गाड़ी के केबिन में भी डीजल की कैन भरकर रख लेते हैं। परिवहन विभाग भिवाड़ी के उडऩदस्ते ने बीते दो साल में तीन हजार से अधिक ऐसे चालान किए हैं जिनमें लोडिंग वाहनों में क्षमता से अधिक मात्रा के ईंधन टैंक पाए गए थे। सीमावर्ती राज्यों में पेट्रोल-डीजल के भाव लंबे अर्से से कम होने की वजह से प्रदेश के बॉर्डर वाले क्षेत्र में नए पेट्रोल पंप लगाने में रुचि नहीं दिखा रहे, कई पंप खुलने के बाद लाइसेंस सरेंडर किए हैं। वहीं राजस्थान की सीमा पर आने वाले दूसरे राज्यों के जिलों में बड़ी संख्या में पंप खुले हैं।
----
भिवाड़ी बुधवार को पेट्रोल के भाव- 109.99 पैसे
हरियाणा में बुधवार को पेट्रोल के भाव- 99.34 पैसे
दोनों राज्यों में पेट्रोल के भाव में अंतर प्रति लीटर- 10.65 पैसे
----
भिवाड़ी में बुधवार को डीजल भाव - 95.06 पैसे
हरियाणा में बुधवार को डीजल भाव - 89.58 पैसे
दोनों राज्यों में डीजल के भाव में अंतर प्रति लीटर - 5.48 पैसे
----
हरियाणा में वैट
डीजल पर 16 प्रतिशत
पेट्रोल पर 18 प्रतिशत
----
राजस्थान में वैट
डीजल पर 19.03 प्रतिशत
पेट्रोल पर 31.04 प्रतिशत
----
दूसरे राज्यों के पेट्रोल पंप से भरकर अवैध वाहनों से बिना कर चुकाए डीजल का औद्योगिक क्षेत्र में बिक्री करने वाले डीलर पर कार्रवाई की जाएगी। वाहनों को जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा।
रामप्रसाद, अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन, भिवाड़ी जोन, एसजीएसटी
Published on:
11 May 2023 06:50 pm

बड़ी खबरें
View Allभिवाड़ी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
