
कोटकासिम. बरसात से कमरे की गिरी छत।
कोटकासिम (भिवाड़ी). क्षेत्र में 24 घंटे से भी अधिक समय से लगातार हो रही बरसात से जनजीवन पर गहरा प्रभाव नजर आया। मध्य रात एक मकान के कमरे की छत व दीवार गिर गई। हालांकि वहां कोई नहीं होने से जनहानि टल गई, लेकिन घरेलू सामान दब गया।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के गांव लाडपुर में सत्यवीर पुत्र लीलाराम शर्मा के मकान के एक कमरे की छत रात करीब एक बजे धमाके साथ गिर गई। साथ ही दीवार भी टूटने से घरेलू सामान दबने से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस दौरान वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं होने से जनहानि टल गई। रात के समय परिवार के लोग अन्य कमरों में सोए हुए थे। अचानक धमाके की आवाज सुन परिवार सहित आसपास के लोगों की नींद खुल गई। लोग वहां दौडक़र आए। गिरी छत के नीचे कोई भी सदस्य नहीं होने से राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी। क्षेत्र में रविवार को भी दिनभर बरसात की झड़ी का दौर जारी रहने से ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबके रहे। जिसके चलते बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव की समस्या लोगों के लिए नासूर बन गई।
तहसील परिसर में भरा पानी
तिजारा. लगातार बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हो गया, वहीं तहसील परिसर सहित कई जगहों पर जलभराव हो गया। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बाजरे की फसल व कपास की फसल में भारी नुकसान हुआ है। बाजरे की कटाई तो कर दी, लेकिन खेतों में पड़ा हुआ है और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। कस्बे में तहसील परिसर, कोर्ट परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लबालब पानी भर गया। राहगीरों को भी रास्तों में जलभराव से परेशानी हुई। सडक़ों, गलियों आदि जगहों पर बारिश का पानी भर गया। पानी की वजह से सडक़ का कहीं भी अता-पता नहीं चला। दोपहिया वाहन मार्गों में बंद हो गए। जिन्हें धक्का देकर निकालते नजर आए। कई मार्गों पर घुटने तक पानी भर गया। इधर बारिश से गर्मी निजात मिल गई। पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल भी खुलती नजर आई।
Published on:
09 Oct 2022 09:10 pm

बड़ी खबरें
View Allभिवाड़ी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
