
भेल यातायात पार्क: 15 साल से ताले में बंद है बच्चों का ट्रैफिक ज्ञान
भोपाल. ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने से हर साल देख भर में लाखों की संख्या में लोग जान गंवाते हंै। इसे ध्यान में रखते हुए बीएचईएल द्वारा बरखेड़ा में राजधानी का पहला यातायात पार्क का निर्माण कराया गया था। इस पार्क को बनाने के पीछे भेल का लक्ष्य बच्चों को मनोरंजन के साथ ही उन्हें यातायात के नियमों से रूबरू कराना था। लेकिन पिछले 15 सालों से इस पार्क का गेट तक नहीं खोला गया। भेल अफसरों की दिलचस्पी के अभाव में बच्चों का ट्रैफिक ज्ञान अधूरा रह गया। इस यातायात पार्क में ट्रैफिक के संकेतक बोर्ड भी लगाए गए थे, जो अब खराब हो चुके हैं या हो रहे हैं, इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं है।
पचास लाख में पार्क को किया गया था विकसित
जा नकारी के अनुसार भेल नगर प्रशासन विभाग ने इस पार्क को आंबेडकर उद्यान के पास ही विकसित किया था। इसे बनाने के लिए लगभग 50 लाख रुपए की राशि खर्च की गई थी। पिछले कई सालों से पार्क बंद है। यहां पर बनाए गए पेट्रोल पंप, रेड जोन, रेलवे क्रासिंग, स्कूल सहित अन्य मॉडल है, जो अब धीरे-धीरे खराब हो रहे हंै। वहीं सालों से पार्क बंद रहने के कारण बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।
पार्क शुरू करने प्रबंधन दिखा रहा बेरुखी
पार्क को शुरू करने रहवासी समेत अन्य संगठन मांग कर चुके हैं। पर भेल प्रबंधन की कोई दिलचस्पी नहीं है। साकेत नगर के रहवासी अशोक मिश्रा बताते हैं कि एक समय यहां साकेत नगर, शक्ति नगर, समेत दूसरे जगहों से सैकड़ों की संख्या में बच्चे ट्रैफिक नियमों को समझते थे।
पार्क की निगरानी में भी लापरवाही
सालों से बंद इस पार्क की निगरानी में भी भेल प्रशासन के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। यहां न तो गार्ड तैनात किया गया है और न पार्क के अंदर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में कॉलेज के छात्र सहित दूसरे लोग पार्क का गेट कूद कर अंदर जाते देखे जा सकते हैं।
बच्चे साइकिल चलाकर समझते थे ट्रैफिक नियमों को: पार्क को चालू करने के बाद यहां बच्चों ने साइकिल चलाकर नियमों को समझा। छोटे और बड़े यहां मनोरंजन के लिए आते रहे। पार्क में साइकिलों का टेंडर न हो पाने के कारण इस पार्क पर भेल प्रशासन ने ताले डाल दिए।
Published on:
22 Nov 2019, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.