24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा के पाखण्ड को उजागर करो, लोगों को बताओ कांग्रेस ने सभी को दिया बराबरी का दर्जा

जिला और संभाग पर 6 दिसम्बर से शुरू होंगे कार्यक्रम

2 min read
Google source verification
भाजपा के पाखण्ड को उजागर करो, लोगों को बताओ कांग्रेस ने सभी को दिया बराबरी का दर्जा

भाजपा के पाखण्ड को उजागर करो, लोगों को बताओ कांग्रेस ने सभी को दिया बराबरी का दर्जा

भोपाल। भाजपा युवा और आरक्षित वर्ग के लोगों को गुमराह कर आरक्षण समाप्त करना चाहती है। समय पर उसके प्रयास नजर आते हैं, उनके नेता भी आरक्षण विरोधी बयान देते हैं, लेकिन जब विरोध होता है तो बयान वापस ले लिया जाता है, इससे यह तो पक्का है कि भाजपा आरक्षित वर्ग की विरोधी है। हमें भाजपा के पाखण्ड को उजागर करना है। इसके लिए हमें सक्रियता बनाए रखना होगी, अधिक से अधिक लोगों के बीच पहुंचना होगा। यह भी बताना होगा कि भाजपा जो कहती है वह वास्तव में करती नहीं है। इसके लिए संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। इसकी शुरूआत 6 दिसम्बर से होगी। शुक्रवार को हुई कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की बैठक के दौरान यह निर्णय लिए गए। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, अनूसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, मोर्चा संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के लोग झूठी सूचनाएं नौजवानों तक पहुंचा कर उन्हें भ्रमित कर रहे हैं लेकिन आज का युवा समझदार है, भाजपा की इसी सोच से उनका भविष्य खतरे में है। यदि उनका भविष्य खतरे में रहा तो प्रदेश का और देश का भविष्य भी खतरे में रहेगा। कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। इसमें बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति के लोगों को जोडऩे की मुहिम आप लोग चलाएं। सदस्यता अभियान में सिर्फ सदस्यता फॉर्म ही न भरे जाएं बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता संबंधित व्यक्तियों के साथ बैठकर उन्हें भारत के संविधान और कांग्रेस पार्टी द्वारा अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी बताएं। आजादी से लेकर आज तक कांग्रेस द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए किये गये कार्यों के बारे में बताएं।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही देश के संविधान की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को बराबर की हिस्सेदारी मिलती है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा अन्याय, अत्याचार, महिला उत्पीडऩ की घटनाएं अनुसूचित जाति वर्ग के साथ ही घटित हो रही है और हमें एकजुट होकर भाजपा की संविधान व दलित विरोधी नीतियों का मुकाबला करना होगा।

अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की प्रस्तावना को दोहराया और भारत के संविधान की रक्षा करने एवं उसका पालन करने की शपथ ली। इस अवसर पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अशोक सिंह, प्रकाश जैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, किरण अहिरवार सहित कांग्रेस अजा वर्ग के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रदेश भर से आए कांग्रेस अजा विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।