
धीरेंद्र शास्त्री पर FIR की मांग (Photo Source- Patrika)
MP News : अपने प्रवचन से धर्मोद्धार करने से ज्यादा अपने बयानों को लेकर विवाद में रहने वाले मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब कानूनी पचड़ों में पड़ते नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन पर व्यास गद्दी से सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगा है। शास्त्री के खिलाफ दलित पिछड़ा समाज संगठन, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी द्वारा शिकायत की है। संगठनों का आरोप है कि, पंडित शास्त्री व्यास गद्दी पर बैठकर सांप्रदायिकता फैला रहे हैं। समाज जनों ने कथाओं के वीडियो और अन्य सबूत सौंपकर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर डीजीपी से कार्रवाई करने की मांग की है।
संगठनो ने भोपाल पुलिस कमिश्नर से पंडित शास्त्री के खिलाफ शिकायत करते हुए उनपर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि, धीरेन्द्र शास्त्री अंधविश्वास, सांप्रदायिकता और झूठे इलाज को बढ़ावा देकर समाज और मानव जीवन के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। इस संबंध में संगठन ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और भोपाल पुलिस कमिश्नर को अलग-अलग लिखित शिकायतें भी सौंपी हैं। शिकायत में कहा गया है कि, स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने के चलते भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 173(4) के तहत राजधानी आकर शिकायती आवेदन देना पड़ रहा है।
वहीं, इस संबंध में दलित पिछड़ा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव ने राजधानी भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, उनके संगठन ने वीडियो सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। ये वीडियो कथावाचक के आधिकारिक चैनलों पर भी मौजूद हैं, जिन्हें क्यूआर कोड के माध्यम से पुलिस को सौंपा गया है। यादव ने आरोप लगाया कि, धीरेन्द्र शास्त्री लोगों को मेडिकल साइंस से दूर कर अंधविश्वास में धकेल रहे हैं, जिससे लोगों की जानें तक जा रही हैं। उन्होंने ये भी कहा कि, ये कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 197, 202 और 272 समेत अन्य धाराओं के अंतर्गत अपराध है।
संगठन द्वारा दिए शिकायती आवेदन में एक वीडियो का हवाला दिया गया कि, कथावाचक ने लोगों से 'हाथों में हथियार उठाने' और कानूनी प्रक्रिया से बाहर जाकर घरों पर बुलडोजर चलाने जैसे बयान दिए हैं। संगठन के अनुसार, ऐसे बयान समाज में हिंसा, नफरत और अराजकता को बढ़ावा देते हैं। इसे राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताया गया है। दामोदर यादव के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि, अगर तय समय में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो संगठन हाईकोर्ट जबलपुर का रुख भी करेगा।
आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने ये भी कहा कि, सांप्रदायिकता फैलाने वाले बाबाओं पर FIR दर्ज होनी चाहिए। ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा लगाने और ऐसे बाबाओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर संकल्प यात्रा भी निकाली जाएगी। नागपुर से भोपाल तक यह यात्रा निकालेंगे। 29 जनवरी को भोपाल में अंबेडकर प्रतिमा से सीएम हाउस तक पैदल मार्च करेंगे। यहां सीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
Updated on:
22 Jan 2026 07:51 am
Published on:
22 Jan 2026 07:51 am
