
चुनाव प्रचार थमने के बाद शिवराज ने खेला बैडमिंटन, सिंधिया ने मेयर प्रत्याशी को 3-1 हराया
भोपाल. मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान की वोटिंग से पहले प्रचार का शोर थम गया है। सोमवार शाम 5 बजे तक अपने दलों के प्रत्याशियों के वोट के लिए पूरी ताकत झोंकने वाले नेता रिलैक्स मोड में नजर आए। इसी कड़ी में प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक अलग अंदाज में रिलैक्स करते नजर आए। सीएम शिवराज ने जहां भोपाल के भोजपुर क्लब में पार्टी सदस्यों के साथ बैडमिंटन के दो दो हाथ खेले तो वहीं ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा के साथ टेबल टेनिस खेला।
चुनाव के आखिरी दिन अन्य दलों की तरह बीजेपी ने भी एक एक मतदाता तक पहुंचने के लिए पूरा जोर लगा दिया। इसी कड़ी में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में ताबड़तोड़ सभाएं और रोड शो किए। दिन भर इंदौर में प्रचार करके भोपाल लौटे शिवराज रिलैक्स के लिए राजधानी के भोजपुर क्लब पहुंचे. यहां उन्होंने पार्टी के सदस्यों के साथ बैडमिंटन खेला। इसके कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं। कल से सीएम दूसरे चरण के जिलों के लिए पूरी ताकत झोंकगे। साथ ही डोर टू डोर प्रचार में भी शामिल हो सकते हैं।
शिवराज ने खेला बैडमिंटन
इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल पर भी वीडियो शेयर करते हुए जानकारी दी। सीएम ने लिखा कि, चुनाव के प्रचार प्रसार से आज फुरसत मिली तो भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित भोजपुर क्लब के सदस्यों के साथ बैडमिंटन का आनंद लिया। बहुत दिनों पश्चात कुछ पल ऐसे ही बिताकर मन अत्यंत प्रफुल्लित और आनंदित हो गया। ऐसा लगा कि बचपन फिर से लौट आया। सच में मजा आया।
सिंदिया ने केला टेबल टेनिस
वहीं, दूसरी तरफ चुनाव प्रचार के आखिरी दिन ग्वालियर में कई जनसभाएं और रोड शो करने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी बीजेपी की महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा के साथ टेबल-टेनिस खेलते नजर आए। सिंधिया ने महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा को 3-1 से शिकस्त दी। दरअसल, जीवाजी क्लब के स्थापना दिवस कार्यक्रम में दोनों नेता पहुंचे थे। सिंधिया और सुमन शर्मा का टेबल टेनिस खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
Published on:
5 Jul 2022, 9:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.