
The ground is empty yet the vegetable market on the road
बैतूल। सदर में लगने वाला साप्ताहिक हाट बाजार सड़क के किनारे ही लग रहा हैं। जबकि सदर में बाजार लगाने के लिए बैल बाजार का मैदान सालों से खाली पड़ा है, लेकिन नगरपालिका साप्ताहिक बाजार को मैदान में आज तक शिफ्ट नहीं कर पाई है। पूर्व में इसी मैदान में साप्ताहिक बाजार लगा करता था। नगरपालिका ने यहां सब्जी विक्रेताओं के लिए स्थाई तौर पर ओटले भी बनाए थे, लेकिन बाद में उन्हें तोड़कर समतल मैदान बना दिया गया। तब से बाजार सड़क पर ही लगाया जा रहा हैं। जिसके कारण आवागमन में वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं। वहीं सदर में स्थित दुकानदारों को बाजार की वजह से अपनी दुकानें बंद रखना पड़ता है।
पीडब्ल्यूडी चौक से शहीद चौक तक भरता है बाजार
सदर क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार को भरता है। इन दो दिन बाजार लगने के कारण सड़क पर काफी भीड़ रहती है और आवागमन बाधित होता है। बताया गया कि पीडब्ल्यूडी चौक से बाजार शुरू होता हैं तो गल्र्स कॉलेज के अंदर से होते हुए पीछे का पूरा हिस्सा और सदर में बने काम्प्लेक्स तक लगता है। इस मार्ग पर जितनी भी गलियां पड़ती हैं उन सभी मेें सब्जी विक्रेता बैठेे हुए नजर आते हैं। एक तरह से सदर का पूरा क्षेत्र ही साप्ताहिक बाजार के दिन दुकानदारों से भरा नजर आता है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में यहा सब्जी विक्रेता आते हैं। सड़क किनारे बाजार भरने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बाजार वाले दिन तो आवागमन में बार-बार जाम की स्थिति बनती है।
दुकानदारों को बंद रखनी पड़ती है दुकानें
सदर में बने काम्प्लेक्स के दुकान संचालकों का कहना है कि रविवार एवं गुरुवार को जब साप्ताहिक बाजार भरता हैं तो उन्हें भीड़ के चलते दुकानें बंद तक रखना पड़ती है। जिसके कारण धंधा भी प्रभावित होता हैं। काम्प्लेक्स में ज्यादार ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, शटर व्यवसायी, स्टूडियो वाले सहित अन्य दुकानें है। चूंकि बाजार के दिन दुकानों के सामने ही सब्जी विक्रेताओं दुकानें लगा लेते हैं इस वजह से उन्हें दुकानें खोलने में दिक्कतें आती है। इसी प्रकार सदर में गल्र्स कॉलेज के चारों तरफ सरकारी आवास और बंगले भी बने हैं। जिनके बाहर ही सब्जी विक्रेता दुकानें लगाते हैं।ऐसे में आवासों में रहने वाले लोगों को भी अपने वाहन आदि निकालने में परेशानी होती है।
मैदान में बाजार शिफ्ट नहीं कर पाई नपा
जनहित याचिका की सुनवाई में लोक उपयोगी अदालत ने नगरपालिका को सड़क किनारे लगने वाले साप्ताहिक बाजार को शिफ्ट किए जाने के आदेश दिए थे, लेकिन आज तक नगरपालिका बाजार को सड़क किनारे से शिफ्ट नहीं कर पाई है। पूर्व में बाजार शिफ्टिंग की थी, लेकिन धंधा न होने का हवाला देकर दुकानदार वापस सड़क किनारे आ गए थे, उसके बाद से सड़क पर ही यथावत बाजार संचालित हो रहा है। शहर में गंज, कोठीबाजार, कालापाठा और सदर क्षेत्र में सप्ताहिक बाजार संचालित होता हैं। इनमें गंज, सदर और कोठीबाजार में साप्ताहिक बाजार सड़क पर ही लगाया जाता है।हालांकि इनके लिए पहले से जगह निर्धारित की गई है लेकिन बाजार को शिफ्ट करना नगरपालिका के लिए भी चुनौती भरा काम है।
क्या कहते हैं लोग
-सदर में शटर व्यवसाय की दुकान हैं, लेकिन रविवार एवं गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगने के कारण काम नहीं कर पाते हैं। कई बार तो भीड़ के कारण दुकान तक पहुंचना मुश्किल होता हैं इसलिए दुकान बंद रखना पड़ती है।
- बलवान सिंह, शटर व्यवसाई सदर।
- साप्ताहिक बाजार के दिन दुकानदार सड़क किनारे दुकानें लगा लेते हैं जिसके कारण सड़क पर आवागम मुश्किल होता है। जरूरी सामान की डिलीवरी संभव नहीं हो पाती है। बाजार के कारण गाड़ी अंदर नहीं आ पाती है।
- संजू साहू, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सदर।
इनका कहना
- सदर साप्ताहिक बाजार को बैल बाजार की जमीन पर शिफ्टिंग किया जाना है। इसको लेकर प्रक्रिया भी चल रही हैं, लेकिन पहले वहां दुकानदारों के लिए व्यवस्था बनाना पड़ेगी। इसके बाद ही बाजार को मैदान में शिफ्ट किया जा सकता है।
- अक्षत बुंदेला, सीएमओ नगरपालिका बैतूल।
Published on:
25 Jun 2023 09:27 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
