
भाजपा प्रत्याशी कुंवर भारतेंद्र सिंह ने नामांकन करते ही कर दी ये बड़ी घोषणा
बिजनौर. बीजेपी सांसद व बिजनौर से लोकसभा प्रत्याशी कुंवर भारतेंद्र सिंह ने आज यानी सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया। नामांकन के दौरान प्रत्याशी के साथ 4 लोग अंदर गए। आज बिजनौर लोकसभा का अंतिम दिन नामांकन है। सभी पार्टी के प्रत्याशी आज नामांकन करेंगे।
बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में बिजनौर सीट से बीजेपी के सांसद कुंवर भारतेंद्र ने ही जीत दर्ज की थी। सांसद ने सपा के शाहनवाज राणा को पिछले चुनाव में 2 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। यही वजह है कि इस बार भी भाजपा हार्इकमान ने सांसद कुंवर भारतेंद्र पर ही भरोसा जताते हुए बिजनौर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। सांसद कुंवर भारतेंद्र नामांकन दर्ज करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए।
इस दौरान उन्होंने बताया कि विकास के साथ वह अन्य कई मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और जनहित मे किए गए कार्यों को लेकर जनता से वोट मांगेंगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्हें बिजनौर में एम्स की स्थापना करनी थी, लेकिन पिछले कार्यकाल में किसी कारण से नहीं हो सकी। अगर इस बार जीते तो तो प्राथमिकता के आधार पर बिजनौर में एम्स बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कुंवर भारतेंद्र सिंह दो बार विधायक रह चुके हैं। साथ ही एक बार राज्य सरकार में सिंचाई राज्यमंत्री भी रहे हैं। जबकि 2014 में पहली बार वे भाजपा के टिकट पर संसद तक पहुंचे।
Published on:
25 Mar 2019, 1:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.