बीकानेर . मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में एक निजी स्कूल के पास लगे कचरे के ढेर में पड़े पटाखों को बीनते समय विस्फोट हो गया, जिससे दो बच्चे झुलस गए। घायल बच्चों को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में रहने वाले बलवीर पुत्र सरजीत (८) और कोजू पुत्र बंशी भोपा (८) कचरे के ढेर में पड़े पटाखों को बीन रहे थे। तभी एक बच्चे ने एक पटाखे को आग लगा दी, जिससे जोरदार धमाका हो गया। इससे दोनों बच्चों के कपड़ों में आग लग गई और वह बुरी तरह से झुलस गए। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग इक्कठे हो गए।
लोगों ने घायल बच्चों के परिजनों को सूचना दी। बाद में बच्चों को टैक्सी के माध्यम से पीबीएम के ट्रोमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में घायल बलबीर क हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
अफवाहों की चर्चा से लोग परेशान
मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में हुई घटना के बाद बम विस्फोट होने की अफवाह आग की तरह फैली। अफवाह ने पुलिस एवं सीआईडी-सीबी की परेड करा दी। लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। पुलिस नेे मौके पर पहुंच कर एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद यह तो स्पष्ट हो गया कि यह बम विस्फोट तो नहीं हुआ।
सड़क हादसे में तीन घायल
दियातरा. राजमार्ग 15 पर अमर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से बोलेरो के टक्कर मारने से एक महिला सहित दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को 108 की मदद से कोलायत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां एक गंभीर रूप से घायल बच्चे को बीकानेर ट्रोमा सेंटर रैफर कर दिया।
प्रत्यदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोरदार धमाका हुआ। दियातरा चौकी प्रभारी एएसआई गुलाबनबी ने बताया कि राजमार्ग पर दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर सवार लोग मढ़ गांव के बताए जा रहे हैं तथा खेत से लौट रहे थे। राजमार्ग का बर्म खोदने से बोलेरो पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी। देर शाम तक कोलायत थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।