
खाद्य सुरक्षा योजना
महाजन. एक ओर सरकार खाद्य सुरक्षा योजना में पोश मशीन लगाकर धांधली को रोक रही है वहीं आवश्यकता से कम गेहूं का आवंटन करने से गरीब परिवारों को दो-तीन माह से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ही नहीं मिल पा रहा है। जानकारी के अनुसार अरजनसर में ग्राम सेवा सहकारी समिति के पास रसद सामग्री वितरण का भी जिम्मा है।
सरपंच मघाराम मारोठिया ने बताया कि गत तीन माह से समिति को आवश्यकता के अनुरूप गेहूं का आवंटन नहीं होने से कस्बे में बड़ी तादाद में गरीब परिवार वंचित हो रहे है। जानकारी के मुताबिक इस समिति को पिछले तीन माह में 50, 55 व 69 क्विंटल गेहूं का आवंटन हुआ है।जबकि यहां प्रति माह 130 क्विंटल गेहूं का आवंटन किया जाना चाहिए।
ऐसे हालात में यहां आधे से भी अधिक परिवार प्रति माह पात्र होते हुए भी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने से वंचित हो रहे है। विश्व हिन्दू परिषद के प्रखण्ड अध्यक्ष हनुमान जस्सू ने बताया कि कस्बे के रामकिशन को पिछले दो माह से गेहूं नहीं मिला है। डिपो पर जाते ही उसे स्टॉक खत्म होने का कहकर टरका दिया जाता है। सरपंच मारोठिया ने बताया कि करीब 60 प्रतिशत ग्रामीण बीपीएल, अंत्योदय व खाद्य सुरक्षा योजना की श्रेणी में है।
इनमें से हर माह आधे लोग गेहूं लेने से वंचित हो रहे है। खाद्य सुरक्षा योजना में कई ऐसे परिवार भी जुड़े हैं जो नियमानुसार पात्रता की श्रेणी में नहीं आते है। ऐसे परिवार आनन-फानन में गेहूं प्राप्त कर लेते है। इससे एक-दो दिन में ही स्टॉक खत्म हो जाता है। जब वास्तविक गरीब परिवार गेहूं लेने जाते है तो उन्हें खाली लौटना पड़ता है।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा उपखण्ड अधिकारी, जिला कलक्टर व जिला रसद अधिकारी को अवगत करवाने के बाद भी कोई सुधार नहीं हो पाया है। अरजनसर के अलावा भी क्षेत्र के कई अन्य राशन डिपो पर भी ऐसी ही अव्यवस्था होने से जरूरतमंद परिवार परेशानी झेल रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया
गेहूं का आवंटन कम होने से गरीब परिवारों को लाभ नहीं मिल रहा है। कई परिवार ऐसे है जिन्हें दो-तीन माह से गेहूं का वितरण नहीं हो पाया है। इस अव्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों व सम्बन्धित विभाग को अवगत करवाया गया है।
मघाराम मारोठिया, सरपंच ग्राम पंचायत अरजनसर।
शीघ्र व्यवस्था सुचारू होगी
गत दो माह से सभी डिपो पर समानीकरण प्रक्रिया के तहत गेहूं का आंवटन जयपुर से हो रहा है। इस कारण कई जगह आवंटन कम हुआ है। अभी अक्टूबर का आवंटन होगा तो व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।
दयाराम सारण, प्रवर्तन निरीक्षक रसद विभाग लूणकरनसर।
Published on:
13 Sept 2017 02:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
