29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गर्मी में एक्सरसाइज के लिए रखें इन बातों का ध्यान

इस गर्मी के मौसम में वर्कआउट के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जानें क्या बरतें सावधानी-

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Vikas Gupta

May 25, 2019

tips-for-exercise-in-summer-season

इस गर्मी के मौसम में वर्कआउट के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जानें क्या बरतें सावधानी-

गर्मी के साथ अब ऊमस भी बढ़ गई है। इस मौसम में एक्सरसाइज के दौरान पसीना अधिक आता है। एक्सरसाइज के कारण निकलने वाला पसीना शरीर के विषैले तत्त्वों को बाहर निकालता है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी होती है जिससे डिहाइड्रेशन की आशंका रहती है। ज्यादातर लोग इस कारण व्यायााम से दूरी बना लेते हैं। लेकिन इस दौरान हर 14-15 मिनट बाद पानी की दो-तीन घूंट पी जा सकती हैं। इससे शरीर में पानी की पूर्ति होगी और डिहाइडे्रशन का खतरा भी कम होगा। इस गर्मी के मौसम में वर्कआउट के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जानें क्या बरतें सावधानी-

पहनावे का खयाल -
इस मौसम में व्यायाम के दौरान कपड़ों का खास खयाल रखें। चुस्त और पॉलिस्टर के कपड़ों से दूरी बनाएं। हल्के रंग के कॉटन फैब्रिक्स का चुनाव करें। ये गर्मी से बचाने के साथ पसीना भी आसानी से सोखते हैं। साथ ही ये काफी आरामदायक होते हैं।

ज्यादा ताकत न लगाएं-
एक्सरसाइज करते वक्त ज्यादा दम न लगाएं। एक साथ ज्यादा समय तक वर्कआउट करने के बजाय इसे हिस्सों में बांट सकते हैं। जैसे एक घंटा वर्कआउट करने के बजाय आप आधा घंटा सुबह और आधा घंटा शाम को एक्सरसाइज करें। जॉगिंग या सैर करने जाते हैं, तो इन दिनों पानी की बोतल साथ रखें। बीच में थोड़ा-थोड़ा पानी पी सकते हैं।

सुबह-सुबह व्यायाम -
गर्मी में वर्कआउट के लिए सुबह 7 से 9 बजे का समय ठीक है। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे के बीच फिजिकल एक्टिविटी करने से बचें क्योंकि इस दौरान गर्मी अधिक होती है। इससे शरीर से अधिक पसीना निकलने के कारण थकान महसूस होती है और शरीर पर इसके नकारात्मक परिणाम दिखते हैं।

गर्मी में ढलने दें -
शरीर को गर्म मौसम में ढलने का मौका दें। दिनभर एसी कमरे में बंद न रहें। दिन में थोड़े अंतराल पर कुछ देर के लिए गर्म माहौल में भी निकलें। इससे शरीर की ठंडे रहने की क्षमता में इजाफा होगा। धीरे-धीरे शरीर गर्मी के अनुसार ढल जाएगा। गर्मी के मुताबिक शरीर को ढलने में चार से 14 दिन लगते हैं।

कैफीन, एल्कोहल से दूरी -
व्यायाम के बाद कैफीन और एल्कोहल से परहेज करें। वर्कआउट के दौरान और बाद में शरीर में पानी और नमक की कमी पूरी करनी जरूरी है। ध्यान रखें कि एक्सरसाइज के दौरान बहुत ज्यादा पानी न पीएं वर्ना उल्टी आ सकती है। साथ ही वर्कआउट करने में भी दिक्कत आती है। इन दिनों डाइट में छाछ और नींबू पानी जरूर शामिल करें।

पानी की कमी न हो -
इस मौसम में वर्कआउट या आउटडोर एक्टिविटी करते हुए शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाना सबसे बड़ी चुनौती रहती है। नतीजतन शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो जाती है। व्यायाम के दौरान थोड़ा-थोड़ा पानी या नींबू पानी लेते रहना चाहिए। साथ ही इस दौरान क्षमता से अधिक व्यायाम न करें।

स्वीमिंग और डांस -
गर्मियों में स्वीमिंग और डांस वर्कआउट का सबसे अच्छा विकल्प है। यह आपको फिट रखने के साथ तरोताजा रखता है। सबसे आसान विकल्प इनडोर वर्कआउट है यानी छत के नीचे ही एक्सरसाइज करें। इसमें सबसे बेहतर योग है। शीतली प्राणायाम जैसे कई आसन हैं जो शरीर को ठंडा रखते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान -
इनडोर जिम में ध्यान रखें कि एयर कंडिशनर के सामने वर्कआउट न करें। ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए नजर रखें कि आपके आसपास पंखा न चल रहा हो।
गर्मी के दिनों में हैवी वर्कआउट के बजाय हल्की एक्सरसाइज ही करें, जिसमें ज्यादा पसीना न बहे।
व्यायाम के दौरान कपड़े और जूते ऐसे हों जिनमें हवा आ-जा सके।
एक्सरसाइज करते हुए पसीना बहाने के बाद तुरंत न नहाएं। शरीर को ठंडा होने दें। व्यायााम करने के 30 मिनट बाद ही नहाएं।

खाली पेट व्यायााम न करें।