scriptअपनी जान पर खेल कर थानेदार ने बचाई कुटनी नदी में फंसे दो युवाओं की जान | Thanedar saved the lives of two youths trapped in Kutni river | Patrika News
छतरपुर

अपनी जान पर खेल कर थानेदार ने बचाई कुटनी नदी में फंसे दो युवाओं की जान

मछली पकडऩे गए युवक नदी में पानी आने से फंसे, तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान

छतरपुरJul 23, 2021 / 01:54 pm

Dharmendra Singh

तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान

तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान

छतरपुर। राजनगर इलाके में कुटने नदी की जलधारा के बीच फंसे दो युवाओं को थानेदार ने अपनी जान पर खेलकर बचाया। 15 व 25 साल के दो लड़के कुटनी नदी में मछली पकडऩे गए थे, तेज बारिश के चलते नदी का पानी अचानक बढ़ गया। जिससे दोनों नदी की जलधारा के बीच एक छोटे से टापू में फंस गए। गांव के दो युवाओं व एक सिपाही के साथ थाना प्रभारी ने शाम 4 बजे से शाम 7.15 बजे तक रेस्क्यू अभियान में चलाकर दोनों की जान बचाई। इसके लिए बचाने वाले भी एक रस्सी के सहारे पानी के तेज बहाव में उतरे। अपनी जान की परवाह न करते हुए युवाओं की जान बचाने पर पुलिस की सराहना की जा रही है।
राजनगर थाना फकीरा पुरवा में स्टेशन के पास कुटने नदी में दो युवक रामदीन आदिवासी उम्र 25 वर्ष एवं दीपक आदिवासी उम्र 15 निवासी कुदरपुर गुरुवार की दोपहर मछली पकडऩे गए थे। दो दिन से राजनगर व आसपास के इलाके में हो रही बारिश के चलते दोपहर 3 बजे करीब के लिए नदी में अचानक पानी बढ़ गया। नदी का बहाव तेज होने के कारण दोनों लड़के नदी केे बीच एक टापू पर फंस गए। टापू के चारों ओर से तेज जलधारा के कारण दोनों लड़कों के नदी में बह जाने का खतरा पैदा हो गया। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रुम को दी। कंट्रोल रुप से शाम 4 बजे राजनगर थाना प्रभारी पंकज शर्मा को लड़कों के फंसे होने की जानकारी मिली। पंकज शर्मा और आरक्षण संजय सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नदी के पानी का बहाव तेज है और लड़के टापू पर ज्यादा देर सुरक्षित नहीं रह सकेंगे। इधर, जिला मुख्यालय से गोताखोरों की रेस्क्यू टीम पहुंचने में कहीं देर न हो जाए, इसलिए गांव के दो युवा भी पुलिस के साथ हो लिए और एक रस्सी के सहारे थानेदार शर्मा नदी की तेज जलधारा में उतरे और शाम 7.35 बजे तक दोनों लड़कों को एक-एक कर नदी के बाहर सकुशल निकाल लाए। दोनों लड़कों की जान बचाए जाने पर परिजनों व ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए पुलिस की संवेदनशीलता की तारीफ की है।

अब जिले में बारिश का औसत 8.3 इंच हुआ
तीन दिन से रुक रुक कर हो रही बारिश से जिले में बारिश का औसत सुधरने लगा है। जिले में 1 जून से 22 जुलाई तक 210.2 मिमी अर्थात 8.3 इंच औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष उक्त अवधि में 201.2 मिमी अर्थात 7.9 इंच औसत वर्षा दर्ज की गई थी। अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में वर्षामापी केन्द्र छतरपुर में 68.4 मिमी, लवकुशनगर में 15 मिमी, बिजावर में 2 मिमी, नौगांव में 96.2 मिमी, राजनगर में 10 मिमी, गौरिहार में 64 मिमी, बड़ामलहरा में 10.4 मिमी और बक्स्वाहा में 10.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अब तक नौगांव में सर्वाधिक वर्षा 315.2 मिमी और राजनगर में न्यूनतम वर्षा 127 मिमी दर्ज हुई है, जबकि छतरपुर में 206.2 मिमी, लवकुशनगर में 144 मिमी, बिजावर में 144.3 मिमी, गौरिहार में 265 मिमी, बड़ामलहरा में 290.4 मिमी और बक्स्वाहा में 189.8 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

Home / Chhatarpur / अपनी जान पर खेल कर थानेदार ने बचाई कुटनी नदी में फंसे दो युवाओं की जान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो