scriptदिवाली की रात जगमगाया चित्तौड़ शहर | diwali night lighting every where in chittorgarh city | Patrika News
चित्तौड़गढ़

दिवाली की रात जगमगाया चित्तौड़ शहर

ज्योति का महापर्व दीपोत्सव शहर सहित समूचे क्षेत्र मेंं बुधवार को श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। अमावस्या की रात्रि दीपावली पर्व पर चारों ओर उजास छा गया।

चित्तौड़गढ़Nov 09, 2018 / 10:59 pm

Nilesh Kumar Kathed

chittorgarh

दिवाली की रात जगमगाया चित्तौड़ शहर


-देर रात तक रोशनी देखने जुटी भीड़
चित्तौडग़ढ़.ज्योति का महापर्व दीपोत्सव शहर सहित समूचे क्षेत्र मेंं बुधवार को श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। अमावस्या की रात्रि दीपावली पर्व पर चारों ओर उजास छा गया। लोगों ने घरों, प्रतिष्ठानों में महालक्ष्मी का पूजन कर आतिशबाजी की। इस पर्व पर बाजारों में भारी भीड़ रही।
दीपोत्सव पर प्रतिष्ठानों, घरों की देहरी, देवालयों आदि जगह शाम को दीप जलाए गए। दीपों की टिमटिमाहट और पर्व का उल्लास देखते ही बन पड़ा। बाजारों, प्रतिष्ठानों और घरों में आकर्षक सजावट की गई। दीपावली को सवेरे से ही बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी थी। लोगों ने विभिन्न वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। आलम यह था कि गांधी चौक से सहकार सर्किल, सब्जी मंडी पावटा चौक बाजार, सदर बाजार, नेहरू बाजार, राणा सांगा बाजार सहित निकटवर्ती विभिन्न बाजारों में दिन भर भारी चहल पहल रही। चार पहिया के साथ दुपहिया वाहनों का मुख्य बाजारों में प्रवेश रोका गया।
माला, सजावटी सामग्री, परिधान, पोस्टर, मिठाई, आतिशबाजी, जूते, साडिय़ां, किराणा सामग्री आदि की जमकर बिक्री हुई। माला, प्रसाद, पूजन सामग्री, पशुओं के शृंगार के लिए रंग, बेड़े आदि की कई अस्थाई दुकानें सज गई। दिन भर खासी बिक्री रही। बाजारों में भीड़ के चलते यातायात पुलिस को भी यातायात बहाली के लिए मशक्कत करनी पड़ी। दीपावली की शाम को घरों में विद्युत सज्जा के साथ दीप जलाए गए। महिलाओं, युवतियों, बालिकाओं ने घरों के बाहर आकर्षक रंगोली सजाई। इसके बाद द्वार-द्वार व मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मुहूर्त में घरों व प्रतिष्ठानों मेंं मां लक्ष्मी का पूजन किया गया। पूजन के साथ ही शाम से देर रात तक बच्चों, बड़ों ने आतिशबाजी की। आसमान में भी आतिशबाजी के तारे झिलमिलाए। फूलझड़ी, पटाखे आदि की रोशनी, गंूज दिखाई पड़ी। पटाखों की आवाज शहर भर से रह-रह कर देर रात तक सुनाई पड़ी।
सेल्फी पांइट रहे आकर्षण का केन्द्र
प्रति वर्ष सजावट और बनाए जा रहे सेेल्फी पांइट के प्रति लगातार क्रेज बढ़ रहा है। इस बार भी सज्जा, विद्युत सजावट व रोशनी गत वर्ष के मुकाबले काफी अच्छी रही। गंभीरी पुलिया पर पल पल पलक झपकने, तेज भागने, रंग बदलने वाली रोशनी ने लोगों को खूब लुभाया। इसके बाद नदी पुलिया से सहकार सर्किल तक बनाए गए सजावटी दरवाजे और इनके ऊपर लगाई रंग बिरंगी और घूमने वाली लाइटों के बीच पानी के हल्के फव्वारों से बना परिदृश्य लोगों को बहुत पसंद आया। यहां सहित शहर के कई पांइट पर बनाए साइकिल स्टैण्ड, रिक्शा, फोटो फ्रेम, अम्ब्रेेला, फोटो शुट बैक ग्राउंड, फ्वालर स्पॉट, ट्री स्पॉट आदि लोगों के सेल्फी के लिए खूब आकर्षक रहे। गोल प्याऊ पर बीच में बनाया डोम और सुभाष चौक का अस्थाई महल भी बहुत अलग सा से बन पड़ा। यहां सहित प्रत्येक सेल्फी पांइट पर भारी भीड़ थी। सेल्फी व फोटो लेने के लिए कई बार कतार लगने के साथ इंतजार करना पड़ा। राणा सांगा बाजार, पांच बत्ती सर्किल आदि जगह फोटो लेने की होड़ सी रही। रात करीब एक बजे तक लोगों की बाजारों में आवाजाही बनी रही।

Home / Chittorgarh / दिवाली की रात जगमगाया चित्तौड़ शहर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो