
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज आज से शुरू हो रही है। हालांकि अब इस सीरीज पर खतरा मंडरा रहा है। मैच से पहले श्रीलंका टीम के दो खिलाड़ी और एक कोच कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दरअसल, श्रीलंका टीम के गेंदबाजी कोच चमिंडा वास के अलावा इसरु उडाना और शिरन फर्नांडो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में ही खेले जाने हैं। पहला मैच आज है और दूसरा वनडे 25 मई और तीसरा 28 को खेला जाना है। बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद श्रीलंका टीम मैनेजमेंट दूसरी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के निदेशक भी कोरोना संक्रमित
इससे एक दिन पहले बांग्लादेश टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट बोर्ड के निदेशक खालिद महमूद भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। इसी वजह से अब वे श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। खालिद ने शनिवार को एक मीडिया से बातचीत में बताया था कि वे 21 मई कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्होंने बताया कि वे अभी घर में ही आइसोलेट हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनमें कोरोना के कोई बड़े लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।
कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विवाद
वहीं श्रीलंकाई खिलाड़ियों और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच सालाना कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों ने कॉन्ट्रैक्ट साइन करने से इनकार कर दिया है। खिलाड़ियों का कहना है कि सालाना कॉन्ट्रैन्ट में उन्हें बहुत कम वेतन दिया जा रहा है, जो अन्य कई देशों के मुकाबले कम है। इसके अलावा श्रीलंकाई खिलाड़ी इस बात से भी नाराज हैं कि नए कॉन्ट्रैक्ट का पूरा लेखा-जोखा बोर्ड ने सार्वजनिक कर दिया। खिलाड़ियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि वे बोर्ड के इस तरह के फैसले से वे हैरान और निराश हैं।
क्रिकेट पर कोरोना का कहर जारी
वहीं दूसरी तरफ कोरोना की वजह से पिछले साल की शुरुआत से ही इंटरनेशनल क्रिकेट बुरी तरह से प्रभावित रहा है। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच पिछले साल भी लिमिटेड ओवर की सीरीज खेली जानी थी, लेकिन कोरोना वायरस के कहर की वजह से सीरीज नहीं हो पाई थी। इसके अलावा बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी सीरीज को रद्द करना पड़ा था। वहीं पिछले महीने की शुरुआत में इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन को भी बीच में ही स्थगित करना पड़ा।
Published on:
23 May 2021, 1:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.