
नई दिल्ली। टीम इंडिया को श्रीलंका (Sri Lanka Tour Of India) का दौरा कुछ खास रास नहीं आ रहा है। पहले श्रीलंका के कोच ग्रांट फ्लावर और खिलाड़ी के कोरोना पॉजिटिव होने के चलते वनडे सीरीज देर से शुरू हुई थी। पहले वनडे सीरीज 13 जुलाई से शुरू होनी थी जो 18 जुलाई को शुरू हुई थी। अब टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) कोरोना पॉजिटिव पाए गए तो दूसरा टी20 मुकाबला तय समय पर नहीं हो पाया। आइए जानते हैं भारत बनाम श्रीलंका सीरीज में अब तक कोरोना पॉजिटिव हो चुके खिलाड़ियों और सदस्यों की लिस्ट।
बीसीसीआई ने जारी किया स्टेटमेंट
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने क्रुणाल पांड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद एक स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया कि मंगलवार को भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला दूसरा टी20 मुकाबला स्थगित कर दिया गया है। साथ ही क्रुणाल के संपर्क में आए 8 साथी खिलाड़ियों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
क्रुणाल चौथे कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले खिलाड़ी
भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही सीरीज में क्रुणाल पांड्या चौथे ऐसे शख्स है जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले श्रीलंकाई खेमे से 2 सदस्य और 1 खिलाड़ी सीरीज के दौरान कोरोना के शिकार रह चुके हैं।
कोरोना पॉजिटिव होने खिलाड़ियों व सदस्यों की लिस्ट
श्रीलंका के कोच ग्रांट फ्लावर
श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर इंग्लैंड दौरे से लौटने के 48 घंटों बाद 9 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें तुरंत उपचार के लिए आईसोलेट किया गया और वनडे सीरीज को भी कुछ दिनों के लिए स्थगित करना पड़ा था। वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से होनी थी, जो बाद में 18 जुलाई से शुरू हुई। कोरोना से रिकवर होते ही वह टीम के साथ जुड़ गए।
जीटी निरोशन
ग्रांट फ्लावर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद श्रीलंकाई टीम के डाटा एनालिस्ट जीटी निरोशन भी कोरोना का शिकार हुए थे। उन्हें भी उपचार के लिए आइसोलेट किया गया।
संदुन वीराकोड़ी
ग्रांट फ्लावर और जीटी निरोशन के बाद श्रीलंका टीम के खिलाड़ी संदुन वीराकोड़ी भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार यह खिलाड़ी टीम के 15 खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग का हिस्सा था। लेकिन कोरोना से रिकवर होने के बाद उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया।
Published on:
27 Jul 2021, 9:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.