scriptIND vs SA : दक्षिण अफ्रीका 275 रनों पर ऑल आउट, भारत को मिली 326 रनों की विशाल बढ़त | South Africa all out for 275 run India got a huge lead | Patrika News
क्रिकेट

IND vs SA : दक्षिण अफ्रीका 275 रनों पर ऑल आउट, भारत को मिली 326 रनों की विशाल बढ़त

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने पहली पारी में 326 रनों की विशाल बढ़त लेकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बना ली है और वह अपराजेय स्थिति में पहुंच गया है।

नई दिल्लीOct 12, 2019 / 10:02 pm

Mazkoor

IND vs SA

पुणे : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन पहली पारी में 275 रन पर ऑल आउट कर पहली पारी के आधार पर 326 रनों की विशाल बढ़त ले नी है। बता दें कि कप्तान विराट कोहली के नाबाद 254 रनों की मदद से भारत ने पहली पारी पांच विकेट पर 601 रन बनाकर घोषित कर दी थी।

फिलेंडर और केशव ने किया संघर्ष

दक्षिण अफ्रीका के ऑल आउट होते ही खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी गई। इससे पहले मेहमान टीम ने दूसरे दिन के अपनी पारी तीन विकेट पर 36 रनों से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन कल के नाबाद बल्लेबाज थेउनिस डी ब्रुयन और एनरिक नॉर्ट्जे आज कुछ खास नहीं कर पाए। वो दोनों जल्दी ही आउट होकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान फॉफ डु प्लेसिस (64) ने जरूर एक तरफ से मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से विकेट गिरते रहे। अंत में वर्नोन फिलैंडर (44 नाबाद) और केशव महाराज (72) ने संघर्ष किया, लेकिन केशव महाराज के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीकी पारी 275 रनों पर सिमट गई। इसी स्कोर पर दिन का खेल खत्म हो गया। इन दोनों ने नवें विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी कर एक समय भारत के लिए संकट खड़ा कर दिया था, लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने महाराज को आउट कराकर भारत के लिए सिरदर्द बनती इस साझेदारी को तोड़ा।

भारत की ओर से अश्विन ने चार, उमेश यादव ने तीन, मोहम्मद शमी ने दो और रविंद्र जडेजा ने एक विकेट लिया। इसके साथ ही अश्विन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए हैं।

कपिल देव ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को बताया सर्वश्रेष्ठ, धोनी के संन्यास पर भी बोले

कोहली के नाबाद दोहरे शतक से भारत ने बनाया स्कोर

इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में कप्तान विराट कोहली के नाबाद दोहरे शतक की मदद से पांच विकेट पर 601 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 108 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि चेतेश्वर पुजारा (58), अजिंक्य रहाणे (59) और रविंद्र जडेजा (91) ने अर्धशतक लगाया। जडेजा अपने शतक से महज नौ रनों से चूक गए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने तीन और केशव महाराज तथा मुथुसामी ने एक-एक विकेट लिया।

लंदन में पांड्या से मिली नीता अंबानी, हार्दिक ने कहा- शुक्रिया

कल भारत खेला सकता है फॉलोवन

भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 326 रनों की विशाल बढ़त हासिल है। अब उसके पास दो विकल्प हैं। वह चाहे तो दक्षिण अफ्रीका को कल फॉलोवन दे सकता है और दूसरा विकल्प यह है कि वह फॉलोवन न खेलाकर दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरे और तेजी से कुछ रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को विशाल लक्ष्य देकर उन्हें टूटती पिच पर चौथी पारी खेलने को कहे। कल क्या होगा यह तो टीम मैनेजमेंट तय करेगी, लेकिन लगता तो यही है कि भारत दक्षिण अफ्रीका को फॉलोवन खेलने के लिए कह सकता है।

Home / Sports / Cricket News / IND vs SA : दक्षिण अफ्रीका 275 रनों पर ऑल आउट, भारत को मिली 326 रनों की विशाल बढ़त

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो