पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर वसीम अकरम टीम के कोच नहीं बनना चाहते। उनका कहना है कि यह काम काफी वक्त मांगता है और वे अपने परिवार और देश से इतने समय तक दूर नहीं रह सकते। वसीम अकरम का कहना है कि उनके देश में क्रिकेट को पसंद करने वाले लोग बदतमीजी भी करते हैं, यह भी एक कारण है मना करने का। हालांकि उन्होंने कहा है कि वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों और नौजवानों की मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। साथ ही वसीम अकरम ने मोहम्मद आमिर के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान टीम के कोच पर प्रताड़ित करने और सपोर्ट न करने का आरोप लगाया था।