
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कल होगा पहला सेमीफाइनल, जानें कौन किस पर भारी?
INDW vs AUSW T20 : दक्षिण अफ्रीका में खेला जा रहा महिला टी20 वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यह लगातार तीसरी बार है जब भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। पहले सेमीफाइनल में शुक्रवार भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। बता दें कि 2020 के महिला टी20 वर्ल्ड के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला हुआ था, लेकिन इस बार दोनों टीमों के बीच फाइनल में पहुंचने के लिए जंग होगी। ये मैच 23 फरवरी को शाम 6.30 बजे से केपटाउन में खेला जाएगा। इससे पहले आपको आंकड़ों के जरिये बताते हैं कि कौन किस पर भारी रहा है।
बता दें कि डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हर बार की तरह इस टी20 विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने ग्रुप में सभी चार मैच जीतकर पहला स्थान पाया है। वहीं भारतीय टीम 4 में से 3 मैच में जीतकर अपने ग्रुप में इंग्लैंड के बाद दूसरे पायदान पर रही है। भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में 11 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के रिकॉर्ड पर गौर करें तो अब तक दाेनों के बीच 30 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इन 30 मैच में से ऑस्ट्रेलिया ने 22 में जीत हासिल की है तो भारत 7 मैच ही जीत सका है। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। दोनों टीमों के पिछले पांच मैचों पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया ने 4 और एक भारत ने जीता है।
यह भी पढ़े - महिला विश्व कप में इंग्लैंड ने सर्वाधिक स्कोर बनाकर पाकिस्तान को 114 रन से चटाई धूल
भारत की संभावित प्लेइंग 11
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), देविका वैद्य, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, शिखा पांडे, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका ठाकुर सिंह।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग 11
बेथ मूनी (विकेटकीपर), एलिसे पेरी, मेग लैनिंग (कप्तान), एशले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, अलाना किंग, मेगन शुट्ट और डार्सी ब्राउन।
यह भी पढ़े - महिला टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची दक्षिण अफ्रीका
Updated on:
23 Feb 2023, 8:44 AM IST
Published on:
22 Feb 2023, 1:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.