भाजपा के दिग्गजों ने माई के दरबार में लगाई हजारी
झांसी में आयोजित परिवर्तन रैली में शामिल होने से पहले गृहमंत्री राजनाथ
सिंह व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य नेताओं ने की पीतांबरा पीठ पर
की पूजा-अर्चना
दतिया. उत्तरप्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए रविवार को झांसी से शुरू हुई परिवर्तन रैली में शामिल होने से पहले केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थाबरचंद्र गहलोत, केंद्रीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री कलराज मिश्र, राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश माथुर ने शत्रुहंता मां बगुलामुखी और मां धूमावती के दरबार में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। इसके बाद भाजपा के दिग्गज परिवर्तन रैली में शामिल होने के लिए झांसी की ओर रवाना हुए। सभी नेता सोमवार को यहां विशेष विमान से दतिया हवाई पट्टी पर उतरे थे।
वरिष्ठ नेताओं के मध्यप्रदेश में आगमन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं जनसंपर्क मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने अगुवानी कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया, यूपी प्रभारी रमापति त्रिपाठी, उत्तरप्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य आदि मौजूद रहे। परिवर्तन रैली में शामिल होने के बाद राजनाथ सिंह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वापस दतिया आए और यहां से प्लेन से दिल्ली की ओर रवाना हुए। केंद्रीय मंत्रियों सहित मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान हवाईपट्टी से लेकर पीतांबरा पीठ कर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही।