
Health Tips: हम अपने शरीर को पोषण देने के लिए तो सजग होकर भोजन करते हैं लेकिन भूल जाते हैं कि दिमाग को भी दुरुस्त रखने के लिए भोजन की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं ऐसी चीजों के बारे में।
दिमाग की मजबूती के लिए
खरबूजे के बीज 1-2 चम्मच, 2 बादाम, 2 मुनक्का, खसखस एक चम्मच की मात्रा में रात को भिगो दें और सुबह होने पर बादाम का छिलका उतारकर इन्हें अच्छी तरह से पीस लें और दूध में मिलाकर पिएं। आप चाहें तो इसमें 5-7 काली मिर्च भी मिला सकते हैं। इसे हफ्ते में 2-3 बार ले सकते हैं। इससे दिमाग मजबूत होता हैै। सूखे मेवे दिमाग के लिए फायदेमंद होते हैं। इनमें ओमेगा 3, ओमेगा-6, विटामिन ई व विटामिन बी-6 की प्रचुर मात्रा होती है। इससे आप को सोचने व तनाव दूर करने में मदद मिलती है। आप चाहें तो पांच बादाम, दो अखरोट, तीन पिस्ता भिगोकर खा सकते हैं। अगर आप मोटापे से ग्रसित नहीं है तो दो काजू भी ले सकते हैं।
हरी सब्जियां व साबुत अनाज
तनाव या दिमाग को तेज करने के लिए हरी सब्जियां और मौसमी फल विशेषकर अनार, चीकू और मौसमी फायदेमंद होते हैं। रोजाना 25-50 ग्राम की मात्रा में अंकुरित अनाज खाने से भी मस्तिष्क को लाभ पहुंचता है। भुने चने दूध के साथ लेने से भी फायदा होता है लेकिन ध्यान रहे कि उनमें नमक न हो।
गेहूं, अनाज, ब्राउन ब्रेड, भूरा चावल, ज्वार, बाजरा जैसे साबुत अनाज से एकाग्रता बढ़ती है। वहीं दही में मौजूद विटामिन और प्रोटीन दिमाग व शरीर की नसों के बीच संवाद कायम कर शरीर को दुरुस्त रखता है। ग्रीन या ब्लैक टी में कैटेचिन नामक ऐसे तत्व होते हैं जो दिमाग को ताकत देते हैं।
चॉकलेट भी उपयोगी
चॉकलेट में मौजूद कोकोआ दिमाग के लिए बहुत अच्छा होता है। यह दिमाग के लिए पौष्टिक है। कोकोआ के दो या तीन चम्मच में ही काफी एंटीऑक्सीडेंट होता है। इसमें मौजूद मुख्य एंटीऑक्सीडेंट फ्लेवेनोल के नाम से जाना जाता है, जो दिमाग में रक्तप्रवाह को तेज करता है, इसलिए डार्क चॉकलेट फायदेमंद होती है।
Published on:
15 Jul 2021, 10:43 PM IST
बड़ी खबरें
View Allडाइट फिटनेस
स्वास्थ्य
लाइफस्टाइल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.