सदर थाना अधिकारी गिरधारी सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को सूचना मिली कि पाल देवल कोलरा फला तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि समयायल कोटेड का बेटा संजय (45), उसकी पत्नी और बेटा नहाने और कपड़े धोने के लिए तालाब पर गए थे। पत्नी किनारे बैठ कर कपड़े धो रही थी। इसी बीच पति नहाने के लिए तालाब में उतरा। नहाते समय संजय अचानक तालाब की गहराई में चला गया, जिससे वह डूब गया।
पति को डूबता देख पत्नी चीख पड़ी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंचे। गांव के लोगों ने तालाब में डूबे संजय की काफी खोजबीन की, लेकिन संजय का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस पहुंची और गोताखोरों को बुलाया और काफी मशक्कत के बाद करीब 15 फीट की गहराई से शव को बाहर निकाला गया। मृतक संजय के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं।