
खुद को पीएम मोदी का आध्यात्मिक गुरु बताने वाले इस हाईप्रोफाइल कथक डांसर का बड़ा खुलासा
गाजियाबाद. हाईप्रोफाइल कथक डांसर पुलकित महाराज उर्फ पुलकित मिश्रा को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलकित मिश्रा खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आध्यात्मिक गुरु बताकर अलग-अलग राज्यों में वीआईपी प्रोटोकॉल लेता था। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने पीएमओ से मिली शिकायत के बाद पिछले माह ही केस दर्ज किया था। इसके बाद पुलकित को उसकी साहिबाबाद स्थित डांस अकादमी से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलकित महाराज की गिरफ्तारी के बाद बेहद चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साहिबाबाद के शालीमार गार्डन में रहने वाला पुलकित मिश्रा बहुत ही शातिर है। वह खुद को प्रधानमंत्री का आध्यात्मिक गुरु बताकर लोगों पर रोब गालिब करता था। इतना ही नहीं वह जिस राज्य में भी जाता वहां के प्रशासन से वीआईपी प्रोटोकॉल ले लेता था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी पुलकित देश-विदेश में कई शो भी कर चुका है। हाल ही में पुलकित की शादी अशोक रोड पर हुई थी, जिसमें उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी समेत कई हस्तियां पहुंची थीं। अब उसकी कई तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।
मंत्रालय के फर्जी लेटर हेड पर बहन पारुल को बनाया सचिव
अब पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उसने कितने लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। हालांकि अभी तक कोई और शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस अब यह पता करने का प्रयास करेगी कि एक आम आदमी कथक डांसर से बड़ा धोखेबाज बना। पुलिस पड़ताल में यह भी पता चला है कि पुलकित की बहन पारुल भी उसके साथ ही रहती थी। मंत्रालय के फर्जी लेटर हेड पर पारुल पुलकित की सचिव बनी हुई थी।
पड़ोसियों पर भी करता था रोब गालिब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वीआईपी सुविधा लेने वाला पुलकित महाराज की गिरफ्तारी के बाद 'पत्रिका' ने इस फर्जी महाराज के घर पहुंचकर पड़ोसियों और इलाके के लोगों से इसके बारे में बातचीत की। बातचीत में जो कुछ निकल कर आया वह हैरान करने वाला है। पड़ोसियों ने बताया कि करीब 2 साल पहले पुलकित महाराज यहां शिफ्ट हुआ था। पुलकित महाराज से इलाके के लोग भी डरे सहमे रहते थे। पड़ोसियों ने बताया कि एस्कॉर्ट और गनर के साथ यह फर्जी महाराज निकलता था और कई बड़े लोगों का इसके यहां आना-जाना था। पुलिस एस्कोर्ट काफी देर तक इसके इंतजार में घर के नीचे खड़ी रहती थी। महाराज महंगे कपड़े और मालाएं पहनकर लोगों पर अपना रोब गांठता था। साथ ही लोगों को अपने बड़े लोगों से पहचान और रसूख की धमकी देता था।
लोगों से कहा- मैंने ही सुझाया था सीएम के लिए योगी आदित्यनाथ का नाम
इतना ही नहीं इसने मकान की छत पर अवैध निर्माण कर डांस अकादमी बना ली थी। जब लोगों ने इसका विरोध किया और अधिकारियों से शिकायत की तो उसने न केवल लोगों को धमकाया, बल्कि शिकायत पर कोई सुनवाई भी नहीं होने दी। दरअसल, फर्जी महाराज पुलकित के रसूख से जीडीए अधिकारी भी कोई कार्रवाई नहीं करते थे। इसके पीछे खुद को सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी का आध्यात्मिक गुरु बताना ही नहीं, बल्कि पुलकित महाराज यह भी दावा करता था कि योगी आदित्यनाथ को उसने ही उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनवाया है। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उसे कॉल किया और पूछा कि कौन मुख्यमंत्री होना चाहिए। उसने ही योगी आदित्यनाथ का नाम सुझाया इसके बाद योगी मुख्यमंत्री बन सके। इससे साफ है कि फर्जी तरीके से प्रधानमंत्री मंत्री से संबंध और उनका अध्यात्मिक गुरु होने का दावा कर वह न सिर्फ इलाके के लोगों, बल्कि बड़े अधिकारियों पर रोब जमा रहा था और अधिकारियों को डराकर वीआईपी सुविधाओं का लाभ ले रहा रहा था।
Updated on:
29 Sep 2018, 10:50 AM IST
Published on:
29 Sep 2018, 10:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.