जिंदल स्टेलनेस स्टील लिमिटेड कंपनी के नाम की नकली पाइप को बनाने और बेचने का मामला सामने आया है।
गोरखपुर में धडल्ले से जिंदल स्टील के नाम पर नकली पाईप बनाने का कारोबार हो रहा था। जब कंपनी को इसकी भनक लगी तो कंपनी के मैनेजर कोलकाता के नेताजी नगर निवासी विक्रम सिंह ने खोराबार थाने में कापीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज कराया।
मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने रूद्रापुर निवासी विजेंद्र कुमार मल्ल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई भी शुरू कर दी। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कंपनी के नाम की नकली पाइप, पाइप बनाने की डाई बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी लिया है।
पुलिस ने 945 किलोग्राम के 108 पाइप बरामद किए
पुलिस को दी तहरीर में कंपनी के मैनेजर विक्रम सिंह ने बताया है, काफी दिनों से उन्हें जिंदल कंपनी का नकली लोगो लगाकर स्टील पाइप बनाने और बिक्री करने की सूचना मिल रही थी। जिसके बाद वह गोरखपुर के जगदीशपुर आए।
जहां उन्होंने सूचना सही पाई। मैनेजर की शिकायत पर पहुुंची पुलिस ने 945 किलोग्राम के 108 पाइप और 6 डाई बरामद किया है।
मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने डाली रेड
जिसके बाद पुलिस ने मैनेजर विक्रम सिंह की तहरीर पर नकली पाइप बनाने वाले विजेंद्र कुमार मल्ल के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर खोराबार कल्याण सिंह सागर ने बताया कि, केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
छापामारी कर नकली पाइप भी बरामद की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।