
ग्रेटर नोएडा. नशे और रफ्तार के कहर ने चार जिंदगियां लील ली हैं। बिसरख थाना क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गैलेक्सी वेगा अपार्टमेंट के पास हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक गंभीर से घायल है, जिसे सेक्टर-110 स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कार में बीयर की केन मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि कार में सवार सभी युवक नशे में थे।
कार की हालत को देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है की हादसा के भीषण था। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि रविवार की शाम वैगनआर कार में सवार पांच युवक पतवाड़ी गांव की ओर से गैलेक्सी वेगा अपार्टमेंट की तरफ आ रहे थे। कार की गति बेहद तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार नाले में जा गिरी। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवक कूदकर बाहर निकल गए, लेकिन वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें नजदीकी हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनमें से एक और युवक ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार से बीयर की केन और कुछ और नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं।
डीसीपी नोएडा सेंट्रल जोन-2 हरीश चंद्र ने बताया कि घायल दोनों युवकों को पहले नजदीकी हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था। वहां एक युवक की मौत के बाद दूसरे को सेक्टर-110 स्थित हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मयूर विहार दिल्ली निवासी एस. बालाकृष्णन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी एन राम सुब्रमण्यम, गाजियाबाद निवासी जगदीशन और रॉनाल्ड मीका निवासी निराला स्टेट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में वी. हरिहरण गंभीर रूप से घायल है।
Published on:
8 Jun 2020, 9:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.