पुलिस को पंजाब, हरियाणा व यूपी राज्य में निरंतर दौड़ाने के बाद आखिरकार अम्बाला में हत्थे चढ़ा भीमला
– लघु शंका का बहाना कर पुलिस की गिरफ्त से हरिद्वार से हुआ था पार, 21 दिन बाद अम्बाला में दबोचा
– जेवरात व डॉलर चोरी मामले में रिमांड के दौरान आरोपी को हरिद्वार लेकर गई थी टाउन पुलिस
– चोरी व नकबजनी की 12 वारदातों को अंजाम देना स्वीकारा था आरोपी ने
हनुमानगढ़. पुलिस को 21 दिन तक दौड़ाने के बाद आखिरकार अम्बाला के रेलवे स्टेशन से शातिर बदमाश भीमला को दबोच लिया गया। लघु शंका का बहाना कर पुलिस की गिरफ्त से हरिद्वार से फरार हुए शातिर बदमाश भीम उर्फ भीमला उर्फ भीमड़ा को पकडऩे में टाउन पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ा। अफसरों की डांट और गिरफ्त से आरोपी भागने के दाग की फिक्र लेकर टाउन पुलिस की टीम निरंतर भीमड़ा की तलाश में जुटी रही। टाउन पुलिस ने सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड मंजूर कराया। पूछताछ के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया।
थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि भीम उर्फ भीमला उर्फ भीमड़ा पुत्र पुरखाराम निवासी वार्ड 22 रैगर मोहल्ला हाल मीरा कॉलोनी टाउन को गिरफ्तार करने के लिए एएसआई गायत्री देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम पंजाब भेजी गई थी। इसमें हैड कांस्टेबल पुरूषोत्तम पचार एवं कास्टेबल भूपेन्द्र कुमार शामिल थे। आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस टीम निरंतर पड़ताल में जुटी हुई थी। उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दी जा रही थी। आरोपी ने दिल्ली, जालंधर तथा यूपी व हरियाणा के कई शहरों में फरारी काटी। आरोपी भीमड़ा चिट्टा पीने का आदी है।
यूं हो गया था फरार
टाउन थाना पुलिस ने भीम उर्फ भीमला को वार्ड 44 स्थित घर से जेवरात व डॉलर चोरी मामले में 11 फरवरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी व नकबजनी की 12 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरीशुदा जेवरात आरोपी ने हरिद्वार क्षेत्र में विक्रय किए थे। इसलिए टाउन थाने की पुलिस टीम उसको लेकर हरिद्वार गई थी ताकि चोरीशुदा जेवरात खरीदने वाले की पहचान कर आभूषण बरामद किए जा सके। पुलिस टीम पूछताछ पूर्ण कर उसको लेकर लौट रही थी। इस दौरान उसने लघु शंका जाने की बात कही। इस पर पुलिस ने हर की पौड़ी के पास स्थित होटल के शौचालय में उसे लघु शंका के लिए भेज दिया। पुलिसकर्मी शौचालय के गेट के बाहर खड़े रहे। भीतर से भीम उर्फ भीमड़ा शौचालय की जाली तोडकऱ वहां से भाग गया। इस संबंध में हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार की रिपोर्ट पर हरिद्वार के संबंधित थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
इस मामले में था गिरफ्तार
टाउन थाने में आठ फरवरी को अचल कुमार निवासी वार्ड 44 टाउन ने रिपोर्ट दी थी कि बीमार होने के कारण एक माह से वह दिल्ली इलाज के लिए गया हुआ था। पीछे से किसी ने घर के ताले तोडकऱ सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा 150 यूएस डॉलर चुरा ली। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल पुरूषोत्तम पचार को सौंपी गई। उनके नेतृत्व में पुलिस दल ने गहन जांच-पड़ताल की। आरोपी के वारदात के तरीके, मुखबिरों की सूचना, तकनीकी जांच आदि के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पहचान थाने के हिस्ट्रीशीटर भीम उर्फ भीमड़ा के रूप में की।