दुकान से कपड़ों व जूतों की चोरी मामले में आठवां आरोपी पुलिस गिरफ्त में
– इससे पहले सात आरोपियों को जेल भिजवा चुकी पुलिस
हनुमानगढ़. जंक्शन पुलिस ने रेडीमेड दुकान से सामान पार करने वाले आठवें आरोपी को भी पकड़ लिया है। रेडीमेड कपड़ों व जूतों की दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों की ओर से अपने मालिक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर दुकान से करीब साढ़े आठ लाख रुपए की कीमत के कपड़े व अन्य सामान चोरी करने के मामले में वह फरार चल रहा था। इस दौरान फरार चल रहे आठवें आरोपी को भी जंक्शन पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। यह इस मामले में आखिरी गिरफ्तारी है। इससे पहले पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा चुकी है। जंक्शन पुलिस के अनुसार इस मामले में राकेश यादव (23) पुत्र सुभाष यादव निवासी वार्ड 5 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन को गिरफ्तार किया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सभी ने मिलकर जो कपड़े-जूते सहित अन्य सामान चुराया था वह उसके अन्य साथियों के पास था। उसके पास दो-तीन जोड़ी कपड़े थे जो उसने स्वयं इस्तेमाल कर लिए। आरोपी से किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हो पाई। अनुसंधान के बाद बुधवार को आरोपी राकेश यादव को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। जांच के दौरान इस वारदात में कुल आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। सभी आठों आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। गौरतलब है कि 14 फरवरी 2022 को सतेन्द्र बंसल पुत्र रघुवीर बंसल निवासी दुर्गा कॉलोनी, जंक्शन ने मामला दर्ज करवाया था कि उसकी दुकान जंक्शन बस स्टेंड रोड पर मिर्जा इंटरनेशनल फ्रेंचाइजी के नाम से है। इसमें वह रेडीमेड कपड़े व जूते, जिंस, शर्ट आदि कपड़ों का व्यापार करता है। उसने अपनी दुकान पर सहायक के रूप में कार्य करने के लिए कर्मचारी राकेश यादव, बब्बू खां, अनीश कुमार, कमल कुमार, दीपा, इन्द्राज, सुखवीर व लवप्रीत सिंह को रखा हुआ था। कुछ दिन पूर्व उसे शहर से बाहर जाना पड़ गया। पीछे से राकेश यादव, बब्बू खां, अनीश कुमार, कमल कुमार, दीपा, इन्द्राज, सुखवीर व लवप्रीत सिंह आदि ने चोरी-छिपे उसकी दुकान में रखे हुए करीब 8.50 लाख रुपए के कपड़े व अन्य सामान चोरी कर लिया। उसने अपने कर्मचारियों से माल के बारे में पूछा तो उन्होंने करीब 2 लाख रुपए का माल जो पड़ोसियों की छत वगैरा व अपने घर से लाकर दे दिया। इन्होंने कुछ दिनों में धीरे-धीरे चोरी-छिपे कुल 8 लाख 33 हजार 320 रुपए का माल चोरी कर लिया। चोरी के बाद इन्होंने गिरोह बनाकर अपने जानकार लोगों को चोरी का माल देकर खुर्द-बुर्द कर दिया।
……………………………………….