scriptभाजपा के अभियान के जवाब में आप का धोखा दिवस | aap Cheating Day in response to BJPs campaign | Patrika News
हिसार

भाजपा के अभियान के जवाब में आप का धोखा दिवस

हरियाणा की राजनीति में 8 नवंबर को नोटबंदी के एक साल पूरा होने के मुद्दे पर गर्माहट बढ़ती हुई नजर आ रही है

हिसारNov 07, 2017 / 09:36 pm

शंकर शर्मा

Aam Aadmi Party

चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में 8 नवंबर को नोटबंदी के एक साल पूरा होने के मुद्दे पर गर्माहट बढ़ती हुई नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा के काला धन विरोधी दिवस के जवाब में धोखा दिवस मनाने की घोषणा की है।

आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आज यहाँ पत्रकारों से बातचीत करते हुए 8 नवंबर को धोखा दिवस मनाने का ऐलान किया। उन्होंने नोटबंदी को मोदी सरकार की नाकाम पहल बताए हुए आठ नवंबर को देशव्यापी प्रदर्शन करने का फैसला किया है। जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन करेंगे।


उन्होंने बताया की आठ नवंबर को धोखा दिवस के रूप में मनाते हुए मोदी सरकार द्वारा डुबोई गई अर्थव्यवस्था की ‘अर्थी’ पूरे देश में निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी के नाम पर देश की जनता के साथ बहुत बडा धोखा किया है। इससे देश की अर्थव्यवस्था को हुए भारी नुकसान के विरोध में आप कार्यकर्ता आठ नवम्बर को धोखा दिवस के रूप में मनाते हुये देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे।


जयहिंद ने कहा कि आप कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर मोदी सरकार के फैसलों के दुष्परिणामों से जनता को आगाह करेंगे। जयहिंद ने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछले साल 8 नवंबर को 500 व 1000 के नोटों को बंद करने का जो जन विरोधी निर्णय लिया था उससे छोटे व्यापारियो, दैनिक मजदूरी, वेतन वर्ग और समाज के लगभग सभी वर्गों को बुरी तरह प्रभावित किया था। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने न केवल अर्थव्यवस्था को अपंग किया, बल्कि पूरे देश में लाखों नौकरियों का नुकसान भी हुआ।


उल्लेखनीय है कि बीजेपी ने आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, आतंकवाद को जड से खत्म करने व विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने की मुहिम में किए गए फैसले को एतिहासिक कदम बताते हुए जिला स्तर तक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 6 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान के दौरान पार्टी विरोधी दलों पर निशाना साधेगी।


पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन के मुताबिक काला धन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 8 नवंबर को सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए देश में चल रही समानांतर व्यवस्था की कमर तोड दी थी। इस ऐतिहासिक पल पर पार्टी आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश व जिला स्तर पर काला धन विरोधी दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। 6 नवंबर से 9 नवंबर तक नोटबंदी और एक राष्ट्र-एक कर व्यवस्था पर बुद्धिजीवी सम्मेलन, विचार गोष्ठी, काला धन एवं भ्रष्टाचार समाप्ति के विरूद्ध जुलूस, काले धन के विरूद्ध जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे।

Home / Hisar / भाजपा के अभियान के जवाब में आप का धोखा दिवस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो