scriptकर्नाटक के दूसरे दौर के मतदान में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबले के आसार | Patrika News
हुबली

कर्नाटक के दूसरे दौर के मतदान में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबले के आसार

धारवाड़, गुलबर्गा, बेलगाम, हावेरी, शिमोगा व उत्तर कन्नड़ सीटों पर सबकी नजर

हुबलीApr 28, 2024 / 05:54 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

elections

elections

कर्नाटक के दूसरे चरण में 7 मई को 14 लोकसभा सीटों के लिए वोट पड़ेंगे। कर्नाटक में लोकसभा की 28 सीटें हैं। पहले चरण में 26 अप्रेल को 14 सीटों के लिए मतदान हो चुका है। दूसरे चरण की 14 सीटों में से कई सीटों पर मुकाबले दिलचस्प रहने के आसार है। धारवाड़ लोकसभा सीट पर केन्द्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी भाजपा से उम्मीदवार है। निर्दलीय नामांकन कर चुके दिंगेश्वर स्वामी के मैदान से हटने के बाद अब मुकाबला भाजपा-कांग्रेस के बीच ही होने की संभावना अधिक नजर आ रही है। कांग्रेस ने विनोद असुति को मैदान में उतारा है। बेलगाम लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर पर दांव खेला है। वे विधानसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस में चले गए थे। अब लोकसभा चुनाव से पहले फिर से भाजपा में शामिल हो गए और टिकट भी मिल गया। उनका मुकाबला कर्नाटक में कांग्रेस सरकार में मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर के बेटे मृणाल हेब्बालकर से हैं। शिमोगा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा के बेटे बी.वाई. राघवेन्द्र को टिकट दिया हैै। कांग्रेस से भी एक पूर्व सीएम की बेटी गीता बंगारप्पा चुनावी मैदान में हैं। हालांकि पूर्व उप मुख्यमंत्री के.एस. ईश्वरप्पा भी मैदान में डटे हुए हैं। ऐसे में राजनीति किस करवट लेगी यह कहना जल्दबाजी होगा लेकिन मुकाबले के कड़े एवं दिलचस्प होने की संभावनाएं बनती दिख रही है। गीता पहले दो बार चुनाव हार चुकी है। गुलबर्गा लोकसभा सीट पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद राधाकृष्ण डोडामणि कांग्रेस से चुनाव मैदान में उतरे हैं। इसमें खरगे की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा ने उमेश जाधव को उम्मीदवार बनाया है। जाधव पिछले चुनाव में खरगे को मात दे चुके हैं। उत्तर कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व स्पीकर विश्वेश्वर हेगड़े को टिकट दिया है। उत्तर कन्नड़ भाजपा का गढ़ रहा है। विवादित सांसद अनंत कुमार हेगड़े यहां से जीतते रहे हैं लेकिन पार्टी ने उन्हें इस बार टिकट नहीं दिया। कांग्रेस से आइपीएस अधिकारी हेमंत निबांलकर की पत्नी अंजली निंबालकर मुकाबले में है।

Home / Hubli / कर्नाटक के दूसरे दौर के मतदान में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबले के आसार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो