
Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इस चरण में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आम चुनाव के चौथे चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 सीटों, तेलंगाना की 17 सीटों, उत्तर प्रदेश की 13 सीटों, महाराष्ट्र की 11 सीटों, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों, मध्य प्रदेश की 8 सीटों, बिहार की 5 सीटों मतदान जारी है। मतदान करने के लिए लोग सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं।
चौथे चरण के चुनाव में जो प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं उनमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। केंद्र सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से मैदान में हैं। नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की बेहरामपुर सीट से उम्मीदवार हैं। महाराष्ट्र में पंकजा मुंडे बीड से चुनाव लड़ रही हैं। एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी हैदराबाद से चुनाव लड़ रहे हैं। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष वाई एस शर्मिला कडप्पा लोक सभा सीट से अपना भाग्य आजमा रही हैं। पश्चिम बंगाल में कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा मैदान में हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में 10 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से 1717 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चौथे चरण के लिए संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संख्या 18 है। चौथे चरण में 1.92 लाख मतदान केंद्रों पर 17.7 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 8.97 करोड़ पुरुष व 8.73 करोड़ महिला मतदाता हैं। चौथे चरण के लिए 85 वर्ष से अधिक उम्र के 12.49 लाख से अधिक पंजीकृत और 19.99 लाख दिव्यांग मतदाता हैं, जिन्हें अपने घर से आराम से मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया है।
कुल 4661 उड़न दस्ते, 4438 स्थैतिक निगरानी दल, 1710 वीडियो निगरानी दल और 934 वीडियो देखने वाली टीमें मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन से सख्ती से और तेजी से निपटने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रख रही हैं। सुरक्षा की बात की जाए तो कुल 1016 अंतरराज्यीय और 121 अंतर्राष्ट्रीय सीमा चौकियां शराब, ड्रग्स, नकदी और मुफ्त वस्तुओं के किसी भी अवैध प्रवाह पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। समुद्री और हवाई मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
Published on:
13 May 2024 08:10 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
