scriptWeather : आज झमाझम बारिश के आसार, 11 मई तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर | Weather: Heavy rain expected today, effect of western disturbance | Patrika News
जबलपुर

Weather : आज झमाझम बारिश के आसार, 11 मई तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

दोपहर तक धूप की तपन बढ़ी, तो बादलों के चलते हुई उमस से लोग परेशान हो गए

जबलपुरMay 09, 2024 / 11:33 am

Lalit kostha

Weather

Weather

जबलपुर. पश्चिमी विक्षोभ का असर शहर में बुधवार को भी रहा। बढ़ती गर्मी पर इससे ब्रेक भी लगा। हालांकि दिन में चिलचिलाती गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए। शाम ढलते-ढलते बादल छा गए। तेज हवा चली और मौसम सुहाना हो गया। दिन व रात में तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार 11मई तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने की संभावना है। गुरुवार को जबलपुर सहित संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 9 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के भी संकेत मिले हैं। अगले चौबीस घण्टों के दौरान जबलपुर में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। तापमान में बढ़त नहीं होगी।
कई मौसम प्रणालियां सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जबलपुर सम्भाग सहित पूर्वी मध्यप्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। इसके असर से जबलपुर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। तेज रफ्तार से आंधी चल सकती है।
दोपहर में तेज धूप

बुधवार को सुबह से ही बादलो की आवाजाही लगी रही। दोपहर तक धूप की तपन बढ़ी, तो बादलों के चलते हुई उमस से लोग परेशान हो गए। तेज दक्षिणी हवा व बादल की वजह से दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री कम हुआ। अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस से घटकर 39.8 तक गिर गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। शाम होते ही तेज दक्षिणी हवा से बादल पूरे आसमान पर छा गए। तापमान तेजी से नीचे गिरा और मौसम काफी हद तक सुहाना हो गया। बादलों की वजह से रात का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री से बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

Hindi News/ Jabalpur / Weather : आज झमाझम बारिश के आसार, 11 मई तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो