
राहुल गांधी के वादे को याद दिला भाजपा ने किया सदन में हंगामा
जयपुर. किसान कर्जमाफी को लेकर मंगलवार को विधानसभा में शून्यकाल के दौरान जमकर हंगामा हुआ। राहुल गांधी का नाम लेते हुए कई विधायकों ने कहा कि चुनाव से पहले एक, दो, तीन,चार.... दस तक की गिनती करने की बात कहकर किसानों का कर्जा माफी करने का झूठा वादा किया गया। झूठे वादे कर वोट ले लिए गए और आज किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सत्ता पक्ष की ओर से इस पर आपत्ति आई तो भाजपा विधायक नारे लगाते वेल में पहुंच गए। सत्ता पक्ष के विधायकों से बहस के बाद भाजपा ने सदन से इस बहिर्गमन कर दिया।
भाजपा ने तय किया था कि स्थगन प्रस्तावों में ज्यादातर विधायक किसान कर्ज माफी पर बोलेंगे। विस अध्यक्ष ने कुछ विधायकों को इस मुद्दे पर बोलने की अनुमति दी। विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जनघोषणा पत्र में 10 दिन में किसान कर्जमाफी की बात की थी। बी. डी. कल्ला की अध्यक्षता में कमेटी बनी। कल्ला तो सदन में बैठे हैं, लेकिन यह कमेटी कहां गई पता नहीं हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश के 20 लाख किसानों का 14 हजार करोड़ रुपए माफ किया, इसमें पूर्ववर्ती सरकार के 6 हजार करोड़ रुपए हैं। किसान कर्ज माफी के मामले को राष्ट्रीयकृत बैंकों का नाम लेकर टाला जा रहा है।
इस पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जितना किया, उसका तो धन्यवाद करो। डोटासरा के यह बोलते ही हो-हल्ला शुरू हो गया। अध्यक्ष के दखल के बाद सभी चुप हुए। उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कांग्रेस के जन घोषणा पत्र का जिक्र किया, तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा और मंत्रियों-विधायकों ने आपत्ति जताई। इस पर दोनों तरफ से नोक-झोंक शुरू हो गई। उपनेता प्रतिपक्ष को टोकने से नाराज भाजपा विधायक भी जोर-जोर से बोलने लगे। इससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। काफी देर तक कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच इस मुद्दे पर तीखी नोक-झोंक चलती रही। नाराज भाजपा विधायकों ने वेल में आकर हंगामा किया। कई विधायकों ने राहुल गांधी का नाम लिया और उनके वादे का भी जिक्र किया। पूनिया ने दावा किया कि आज प्रदेश के 60 लाख किसानों पर एक लाख करोड़ से ज्यादा का कर्जा है।
Published on:
18 Jul 2023 09:06 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
