scriptचहुंओर मची जन्माष्टमी की धूम, दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु | celebration krishn janmashtami | Patrika News
जयपुर

चहुंओर मची जन्माष्टमी की धूम, दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु

रोशनी से सराबोर हुए दौसा के मंदिर

जयपुरSep 03, 2018 / 12:05 pm

Deendayal Koli

janmashtami

चहुंओर मची जन्माष्टमी की धूम, दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु

जयपुर

प्रदेशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। जहां कृष्ण की लीलाओं की सजी झांकियां मन मोह रही है वहीं मंदिरों की आकर्षक सजावट की गई है। दौसा शहर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां सजाई गई हैं। मध्य रात्रि को भगवान श्रीकृष्ण जन्म के समय विशेष आरती के प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से शहर की सड़कों पर जगह-जगह झांकियां सजाकर भजनों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिरों में दर्शनों के लिए श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। आगरा रोड स्थित गिरिराज धरण मंदिर को रोशनी से सजाया गया है। वहीं गोविंद देवजी मंदिर, दुर्गा मंदिर, महादेव मंदिर समेत कई मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्याम अर्चना परिवार की ओर से नई मंडी रोड स्थित श्याम मंदिर भी जन्माष्टमी पर रोशनी से सरोबार होगा। गिरिराज धरण मंदिर ट्रस्ट के सचिव सतीश शाहरा ने बताया शाम चार बजे झांकी दर्शनों के लिए खोल दी जाएगी। मंदिर की विशेष सजावट की गई है। शहर के आदर्श विद्या मंदिरों की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें जीवंत झांकियां सजाई जाएंगी। वहीं जिला परिषद पुलिस प्रशासन ने माकूल व्यवस्था की गई है। डीएसपी राजेंद्र त्यागी ने बताया जगह जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है साथ ही गश्त भी की जा रही है।
झांकियों ने मन मोहा

बांदीकुई उपखंड मुख्यालय सहित बसवा तहसील क्षेत्र में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पारंपरिक तरीके से श्रद्धा पूर्वक मनाया जा रहा है। मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा है। श्याम को मंदिर और विद्यालयों में मनमोहक झांकियां सजाई गई। इधर, शहर के सिकंदरा रोड पर बांदीकुई पब्लिक स्कूल में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमेर सिंह रलावता, विशिष्ट अतिथि पार्षद अभयशंकर विजय, जगमोहन तंवर एवं भाजपा नगर प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल निदेशक शुभम झालानी ने की। इसके बाद स्कूल के बालक बालिकाओं ने नाट्य रूपांतरण सहित एकल नृत्य, समूह नृत्य के मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिस पर जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बांदीकुई पब्लिक स्कूल की सचिव माया झालानी, गौरव झालानी, भांवता भांवति उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिन्सिपल व पूर्व एबीईईओ बाबूलाल गुर्जर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Home / Jaipur / चहुंओर मची जन्माष्टमी की धूम, दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो