
जयपुरिया अस्पताल में ग्रेटर निगम लगवाएगा ऑक्सीजन प्लांट
जयपुर।
नगर निगम ग्रेटर की ओर से जयपुरिया अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए निगम प्रशासन की ओर से अस्पताल प्रशासन को 4 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इस प्लांट की क्षमता 4 हजार सिलेंडर के आसपास होगी। इसके अलावा 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी थाइलैंड के मंगवाएं गए हैं, जिनके एक या दो दिन में जयपुर पहुंचने की संभावना है।
महापौर सौम्या गुर्जर ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्लांट को लेकर आयुक्त को नोटशीट भेजी है। हमने 10 सिलेंडर मंगवाएं हैं, जिन्हें भरवाकर घरों में आइसोलेट मरीजों को निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। महापौर ने कहा कि जयपुर में हालात बहुत नाजुक हैं। लोगों को ना ऑक्सीजन मिल पा रही है और ना ही अस्पतालों में बेड। नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर रोजाना ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए दर्जनों फोन आ रहे हैं। मुझे भी निजी रूप से रोजाना फोन करके लोग ऑक्सीजन और इंजेक्शन की डिमांड कर रहे हैं। मैंने और मेरे साथी पार्षदों ने कोविड से लड़ाई के लिए अपना मानदेय दिया है। आवश्यकता पड़ेगी तो हम पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा निगम लगातार कोरोना गाइडलाइन की पालना करवाने के लिए बाजारों में कार्रवाई कर रहा है। सैनिटाइजेशन के अलावा बेरिकेडिंग और श्मशानों में अंतिम संस्कार का काम भी निगम की ओर से करवाया जा रहा है। गुर्जर ने अपील की है कि लोग घरों में ही रहें और जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
Published on:
06 May 2021 05:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
