
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सुभाष चौक इलाके में एक युवक की हत्या के बाद से तनाव के हालात बन गए हैं। देर रात करीब 12 बजे से भारी पुलिस फोर्स तैनात है। माहौल खराब नहीं हो इस कारण एसटीएफ की टुकड़ी को भी तैनात किया गया है। देर रात से आज तड़के तक एडिशनल पुलिस कमिश्नर, डीसीपी, एडीसीपी समेत अन्य पुलिस अफसर सुभाष चौक इलाके में तैनात रहे। हालात ये हो गए कि भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को एक्शन में आना पड़ा। काफी समझाइश के बाद भीड़ को काबू किया जा सका। पूरी घटना समाज विशेष के युवक की हत्या को लेकर बताई जा रही है।
रात 12 बजे हुआ घटनाक्रम
दरअसल रात 12 बजे के आस-पास बाइक पर सवार दो युवक सुभाष चौक इलाके में स्थित रावल जी का बाग इलाके से होकर गुजर रहे थे। इस दौरान बाइक की गति कुछ तेज थी। तभी एक अन्य बाइक सवारों की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ तो कॉलोनी के लोग वहां आ गए। भीड़ बढ़ती देख एक बाइक सवार तो बाइक लेकर वहां से चला गया, लेकिन दूसरी बाइक जिस पर इकबाल और उसका साथी सवार था, उसे लोगों ने घेर लिया।
आरोप है कि इकबाल और कॉलोनी वालों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े के दौरान इकबाल व उसके साथी को पीटा गया। इससे इकबाल की अस्पताल में मौत हो गई। वह रामगंज इलाके के नजदीक फूटा खुर्रा इलाके का रहने वाला बताया गया है। उस पर हमला करने वाले युवक मेहरा बस्ती, सुभाष चौक के बताए जा रहे हैं।
लोगों ने थाना घेर लिया
कॉलोनी में हो रही मारपीट के बारे में कॉलोनी के ही किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। सुभाष चौक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उधर इकबाल पक्ष के लोग व समाज विशेष के लोग जुटने लगे। हालात ये हो गए कि सुभाष चौक थाने के बाहर भी काफी भीड़ हो गई। लोगों ने थाना घेर लिया। इस बीच पत्थरबाजी होने की बात भी सामने आई। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। थाने के घेराव की सूचना पाकर देर रात डीसीपी नॉर्थ, एडिशनल कमिश्नर, रामगंज थाने, माणक चौक थाने, ब्रह्मपुरी थाना और लाइन से भी जाब्ता मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि देर रात ही एसटीएफ की भी एक छोटी टुकड़ी को बुलाया गया।
सवेरे से भारी पुलिस बंदोबस्त
उधर इस घटना के बाद अब रावल जी का बाजार, गंगापोल और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त है। बताया जा रहा है कि जिन घरों के बाहर निजी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, पुलिस उन तक की सीडीआर अपने साथ ले गई, ताकि किसी तरह के कोई वीडियो या फुटेज वायरल नहीं हों। दरअसल गंगापोल और आसपास का इलाक हिंदू-मुस्लिम बहुल इलाका है। दोनों धर्म के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। इस कारण जाब्ता तैनात किया गया है।
इस पूरी घटना में कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। जिस घर के बाहर झगड़ा और मारपीट हुई है, वहां आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में किसी तरह की रंजिश नहीं थी, लेकिन इसके बाद भी गंभीर मारपीट की गई। इसमें 18 साल के युवक की मौत हो गई।
Published on:
30 Sep 2023, 11:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.