scriptविक्षोभ से हीटवेव बेअसर… पारा लुढ़का, राजस्थान के 15 जिलों में रात में पारा 20 डिग्री से नीचे | Heatwave neutralized by disturbance… mercury dropped, night temperature below 20 degrees in 15 districts, day temperature also 5 degrees below normal, relief from intense heat for next three-four days, heat will pick up pace from next week | Patrika News
जयपुर

विक्षोभ से हीटवेव बेअसर… पारा लुढ़का, राजस्थान के 15 जिलों में रात में पारा 20 डिग्री से नीचे

15 जिलों में रात के तापमान में पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर समेत कुछ जिलों में दिन के तापमान में पारा सामान्य से 5 डिग्री तक कम रहने पर गर्मी से आंशिक राहत मिली

जयपुरMay 02, 2024 / 12:24 pm

anand yadav

जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में गर्मी की बढ़ती रफ्तार सुस्त पड़ गई है। वहीं अगले तीन चार दिन तक और प्रदेशभर में पारे की रफ्तार कम रहने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जयपुर समेत 4 संभागों में अगले 48 घंटे में सतही हवाएं चलने और कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि अगले सप्ताह से प्रदेशभर में हीटवेव का असर बढ़ने और झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू होने की आशंका है।
15 जिलों में 20 डिग्री से नीचे पारा
प्रदेश में बीती रात 15 जिलों में रात के तापमान में पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर समेत कुछ जिलों में दिन के तापमान में पारा सामान्य से 5 डिग्री तक कम रहने पर गर्मी से आंशिक राहत मिली। अंता बारां में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा है। हालांकि सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रात का तापमान 11.4 डिग्रगी सेल्सियस रहा।
बीती रात भीलवाड़ा 16, अलवर 19.8, पिलानी 15.7, सीकर 17, डबोक 18.4, सिरोही 18.6, करौली 16.8, बीकानेर 19.6, चूरू 16.9, श्रीगंगानगर 18.2 और संगरिया में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
पिंकसिटी में रात में 3 डिग्री गिरावट
राजधानी जयपुर में बीती रात पारा करीब तीन डिग्री गिरकर 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर के अधिकतम तापमान में भी बीते 24 घंटे में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही के कारण शहरवासियों को धूप की तपिश से भी थोड़ी राहत मिली।
इन संभागों में बारिश संभव
मौसम केंद्र के अनुसार 4 मई को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं 5 मई को जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। प्रदेश के अन्य संभागों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

Home / Jaipur / विक्षोभ से हीटवेव बेअसर… पारा लुढ़का, राजस्थान के 15 जिलों में रात में पारा 20 डिग्री से नीचे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो