कबाड़ी की कारगुजारी उस पर ही उस समय भारी पड़ गई जब ग्रामीणों ने उसे धोखाधड़ी करते हुए पकड़ा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जयपुर/कालवाड़,पत्रिका. कबाड़ का सामान खरीदने वाले कबाड़ी लोगों को कम तौल बताकर चूना लगा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को लालपुरा-पचार में सामने आया। जहां कबाड़ी की कारगुजारी उस पर ही उस समय भारी पड़ गई जब ग्रामीणों ने उसे धोखाधड़ी करते हुए पकड़ा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक लालपुरा-पचार में की एक ढाणी में लोहे का सामान खरीदने आया कबाड़ी अपने इलेक्ट्रिक तराजू में तुलाई कर रहा था लेकिन उसका तराजू वास्तविक वजन से आधा वजन ही दिखा रहा था। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया। स्थानीय निवासी राजेन्द्र झाझड़ा व छीतरमल झाझड़ा ने बताया कि कबाड़ी वाला उसके घर आया तो उसने लोहे का समान दिया।
यह भी पढ़ें : तेल मिल के मुनीम पर हमला, 18 लाख की नकदी से भरा बैग लूटा
इसका वजन गरीब 50 किलो था लेकिन जब कबाड़ी ने उसको तोला तो वजन आधा ही निकला। शक होने पर जब इलेक्ट्रिक तराजू को जांच की तो उसमें गड़बड़ मिली। गड़बड़ी पकड़े जाने पर कबाड़ी वाला लोगों से झगड़ा करने लगा।
सूचना पर कालवाड़ थाने के हैड कांस्टेबल मोहनलाल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने इस संबंध में कबाड़ी आबुल खान निवासी कालवाड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कबाड़ी ने तराजू में एक चिप लगा रखी थी जिससे वह आधा तौल बता रही थी।